मंडी धनौरा। नौगांवा रोड पर ग्राम जटपुरा के निकट सर्राफ से लूट के मामले में पुलिस सीसीटीवी के जरिए लुटेरों की तलाश कर रही है। पुलिस ने मंगलवार को मंडी समिति रोड पर लगे सीसीटीवी की फुटेज खंगाली और संदिग्ध लोगों को चिन्हित किया। पुलिस का मानना है कि बदमाशों ने लूट से पहले सर्राफ की रेकी की होगी।
नगर में काना रोड पर रहने वाले राजपाल यादव की नौगांवा सादात में ज्वैलरी की शॉप है। सोमवार की देर शाम वह बाइक से वापस घर आ रहा था। ग्राम जटपुरा के निकट दो बाइक सवार तीन बदमाशों ने उससे लूटपाट की थी। सर्राफ के अनुसार बदमाश उसके लगभग एक लाख रुपए कीमत के आभूषण ले गए। रात को ही बदमाशों की तलाश की लेकिन कोई सुराग नहीं लगा। सोमवार की रात पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया। मंगलवार को पुलिस ने मंडी समिति रोड पर लगे सीसीटीवी के जरिए संदिग्ध लोगों की तलाश की। सूत्रों का कहना है कि पुलिस ने संदिग्ध दिखाई देने वाले कुछ लोगों को चिह्नित किया है। प्रभारी निरीक्षक नबाब सिंह का कहना है कि महत्वपूर्ण सुराग हाथ लगे हैं। शीघ्र ही घटना का खुलासा कर दिया जाएगा।