क्राइम न्यूज, अमर उजाला, अलीगढ़।
पुलिस द्वारा शांति भंग में पाबंद किए जाने से नाराज काफी महिलाओं ने मंगलवार को थाना सासनी गेट का घेराव किया और हंगामा किया। बाद में थाना प्रभारी द्वारा समझाए बुझाए जाने पर महिलाएं शांत हुईं और वापस लौट गईं।
सासनी गेट थानांतर्गत अवतार नगर निवासी कुछ महिलाओं ने यह शिकायत की थी कि उनके मोहल्ले में चकलाघर चलता है। इसे लेकर वहां खासा हंगामा भी हुआ था।
इस पर पुलिस ने आरोपियोें के साथ-साथ इन महिलाओं को भी शांति भंग करने की आशंका में पाबंद कर दिया था। इसकी जानकारी जब शिकायत करने वाली महिलाओं को हुई तो वह थाना सासनी गेट पर पहुंच गईं और उन्होेंने थाना घेर लिया।
इन महिलाओं का कहना था कि उन्हें आखिर क्यों पाबंद किया गया है। वह तो एक गलत काम की शिकायत करने के लिए थाने आई थीं। पुलिस अपनी इस गलत कार्रवाई को वापस ले।
इस पर थाना प्रभारी ने उन्हें समझाया कि पुलिस ने यह कार्रवाई कानूनी नियमों को ध्यान में रखते हुए की है। किसी भी निर्दोष का उत्पीड़न नहीं होगा। अवतार नगर में तो पुलिस पिकैट तैनात कर दी गई है। यदि किसी भी तरह की शिकायत मिलेगी तो तत्काल धरपकड़ की जाएगी। इस पर वहां से महिलाएं शांत होकर वापस लौट गईं।