अमरोहा। वेल्डिंग मिस्त्री बिलाल हत्याकांड की गुत्थी सुलझाने में पुलिस खुद उलझ गई है। परिजनों ने दंपती के खिलाफ हत्या की रिपोर्ट दर्ज कराई है। वहीं, पुलिस ने नामजद महिला से पूछताछ करने के बाद पिता के सुपुर्द कर दिया है। अब तक की जांच में महिला के हत्या में शामिल होने के सबूत नहीं मिले हैं। वहीं, पुलिस उसके पति नदीम की गिरफ्तारी का तानाबाना बुन रही है। पुलिस के मुताबिक नदीम से पूछताछ के बाद ही हत्या की सही वजह पता चल सकेगी।
नगर कोतवाली के मोहल्ला अफगानान निवासी वेल्डिंग मिस्त्री सोमवार की रात लापता हो गया था। मंगलवार की सुबह उसका शव मोहल्ला कुरैशी में पड़ा मिला। आरोपियों ने उसकी बेरहमी से पिटाई के बाद उसके सिर में दो गोली मारकर हत्या कर दी थी। बिलाल के बाद भाई ने मोहल्ला कुरैशी निवासी नदीम और उसकी पत्नी गुलशन के खिलाफ हत्या की रिपोर्ट दर्ज कराई गई है। पुलिस ने नामजद आरोपी महिला गुलशन को गिरफ्तार कर पूछताछ की। इसके बाद उसे परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया। इंस्पेक्टर रविंद्र सिंह ने बताया कि पूछताछ के दौरान गुलशन के खिलाफ हत्या में शामिल होने के सबूत नहीं मिले हैं। वहीं, उसके पति नदीम की गिरफ्तारी के लिए दबिश दी जा रही है। अब नदीम के पूछताछ के बाद बिलाल की हत्या की सही वजह पता चल सकेगी। अभी विवेचना जारी है, अगर हत्या में कहीं भी गुलशन की संलिप्तता पाई जाती है तो उसके खिलाफ भी कार्रवाई की जाएगी।