अमरोहा। नगर के मिनी स्टेडियम में चल रहे दिवंगत देवेंद्र चंदेल मेमोरियल अंडर-14 क्रिकेट टूर्नामेंट में शुक्रवार को योगेंद्र सिंह क्रिकेट टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए रोमांचक मुकाबले में जीत दर्ज की। टीम की जीत में वंश की तूफानी बल्लेबाजी और दक्ष की धारदार गेंदबाजी ने अहम भूमिका निभाई।
पहले बल्लेबाजी करते हुए आरआईएस क्रिकेट एकेडमी ने 30 ओवर में 6 विकेट पर 181 रन बनाए और विपक्षी टीम को 182 रन का लक्ष्य दिया। आरआईएस की ओर से अश्वनी दिवाकर ने 46 रन और जतिन पाल ने 43 रन की अहम पारियां खेलीं, जबकि रुशान जमाल ने 31 रन का योगदान दिया। गेंदबाजी में दक्ष ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 6 ओवर में 28 रन देकर 3 विकेट लिए। लक्ष्य का पीछा करने उतरी योगेंद्र सिंह क्रिकेट टीम ने 28.4 ओवर में 7 विकेट खोकर 184 रन बनाते हुए मैच अपने नाम कर लिया। टीम की ओर से वंश ने शानदार 52 रन बनाए, जबकि अंश सैनी ने 43 रन की उपयोगी पारी खेली।
अंत में रुद्रजीत ने नाबाद 22 रन बनाकर टीम को जीत दिलाई। गेंदबाजी में मंजीत प्रजापति और फैज ने दो-दो विकेट लेकर मुकाबले को रोचक बनाए रखा, लेकिन योगेंद्र सिंह टीम ने संयमित बल्लेबाजी करते हुए लक्ष्य हासिल कर लिया। मुकाबला अंत तक रोमांचक बना रहा और दर्शकों को एक शानदार मैच देखने को मिला। अपनी टीमों के लिए अश्वनी दिवाकर, जतिन पाल, फैज और यश कोहली ने भी बेहतरीन प्रदर्शन किया।
मैच में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए दक्ष को प्लेयर ऑफ द मैच और बेस्ट गेंदबाज चुना गया, जबकि वंश को बेस्ट बल्लेबाज का पुरस्कार मिला। मुकाबले में अंपायर की भूमिका शमशाद अल्वी ने निभाई और राहुल गुप्ता स्कोरर रहे। इस दौरान रिजवान पाशा, परवेज पाशा, सेंटी गुप्ता, रोहित चंदेल और गोलू मौजूद रहे।