रहरा (अमरोहा)। सिरसा कलां मुस्तकम गांव के लोगों ने शनिवार को दूसरे गांव में जनगणना किए जाने का विरोध करते हुए हंगामा कर दिया और जनगणना रुकवा दी। सूचना पर पहुंचीं तहसीलदार ने ग्रामीणों को समझाकर शांत कराया। इसके बाद भी ग्रामीण जनगणना को राजी नहीं हो पाए हैं। गंगेश्वरी की ग्राम पंचायत सिरसा कला मुस्तकम में जनगणना का कार्य चल रहा है। ग्रामीणों का आरोप है कि उनके गांव की जनगणना को पड़ोसी ग्राम काई मुस्तकम में किया जा रहा है। जो गलत है। शनिवार को ग्रामीणों ने जनगणना कार्य का विरोध करते हुए हंगामा शुरू कर दिया।
भारतीय किसान यूनियन बीआर आंबेडकर के राष्ट्रीय अध्यक्ष डाॅ. दिग्विजय सिंह भाटी ने भी पहुंचकर किसानों की समस्याओं को सुना। जानकारी मिलने पर तहसीलदार लकी सिंह गांव पहुंचीं और ग्रामीणों से वार्ता की।
इसके बाद ग्रामीण एकत्र होकर तहसील पहुंचे। ग्रामीणों को तहसीलदार ने गांव का नक्शा भी दिखाया है। वहीं तहसीलदार लकी सिंह का कहना है कि ग्राम सिरसा कला मुस्तकम के ग्रामीणों के द्वारा जनगणना का कार्य बाधित करने की कोशिश की है, जबकि उन्हें समझाया गया है कि जो कार्य हो रहा है। वह गलत नहीं है। नियमानुसार कार्य किया जा रहा है।