अमरोहा। नियमों को ताक पर रखकर सवारी से ठसाठस भरकर सड़कों पर दौड़ रहे ऑटो और ई-रिक्शा के खिलाफ आखिरकार जिम्मेदार जाग गए। मंगलवार के अंक में हादसे से नहीं लिया सबक... ऑटो व ई-रिक्शा सवारी से ठसाठस शीर्षक से अमर उजाला में खबर को प्रमुखता से प्रकाशित किए जाने के बाद यातायात पुलिस ने ओवरलोडिंग करने वाले वाहनों के खिलाफ कार्रवाई शुरू कर दी।
एसपी लखन सिंह यादव के निर्देश पर मंगलवार को यातायात पुलिस और स्थानीय पुलिस ने जिले के प्रमुख मार्गों, बाजारों व सार्वजनिक स्थलों पर विशेष अभियान चलाया। पहले दिन नियमों का उल्लंघन करने पर 50 ऑटो व ई-रिक्शा के चालान किए गए, जबकि पांच टेंपो सीज किए गए। कार्रवाई के दौरान 34,500 रुपये का जुर्माना भी लगाया गया। इसके साथ ही अन्य यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों पर भी कार्रवाई की गई।
पूरे अभियान में कुल 325 चालान किए गए और 5,46, 500 रुपये का जुर्माना लगाया। स्कूल वाहनों के चालकों का सत्यापन भी कराया गया। वाहनों में मिली कमियों पर मोटर व्हीकल एक्ट के तहत चालान करते हुए चालकों को नियमों का पालन करने की हिदायत दी गई। एसपी लखन सिंह ने बताया कि मानक से अधिक सवारी लादकर चलने वाले वाहनों पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।