बछरायूं। आगे चल रही रोडवेज बस के चालक ने अचानक ब्रेक लगाने से पीछे चल रहा बाइक सवार युवक नियंत्रण नहीं कर पाया और बस में पीछे से टकरा गया। हादसे में युवक और बाइक पर बैठी उसकी पत्नी दोनों की मौत हो गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने मृतक के परिजनों को हादसे की सूचना देने के बाद शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया। दंपती की मौत से परिजनों में कोहराम मच गया।
नगर निवासी नजाकत (30) साल कस्बे में ही लकड़ी का काम करता है। उसकी ससुराल कोतवाली गढ़मुक्तेश्वर के गांव दोताई में है। वह मंगलवार को दोपहर बाद पत्नी खुशनुमा को साथ लेकर बाइक से ससुराल जा रहा था। बताया जाता है कि दोताई से कुछ दूरी पहले उसकी बाइक आगे जा रही रोडवेज की बस में पीछे से घुस गई। मियां बीवी दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए। राहगीरों ने पुलिस को सूचना देकर बुलाया। पुलिस ने दोनों को गढमुक्तेश्वर के सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया। वहां चिकित्सकों ने दोनों को मृत घोषित कर दिया। मौत की जानकारी पुलिस ने नजाकत के परिजनों को फोन पर दी। मौत की जानकारी मिलने पर परिजनों में कोहराम मच गया। वे रोते बिलखते मौके की ओर रवाना हो गए हैं। दूसरी ओर मोहल्ले के लोग भी अफसोस जताने के लिए शराफत के निवास पर एकत्र हो गए थे।