मंडी धनौरा (अमरोहा)। कोरोना वायरस से बचने की कवायद अब बड़े स्तर पर शुरू हो चुकी है। कोरोना वायरस से बचाव के लिए शुक्रवार से 31 मार्च तक एसडीएम से लेकर सभी अधिकारियों के न्यायालय बंद कर दिए गए हैं। न्यायालय संबंधी जानकारी के लिए भी एक हेल्पलाइन नंबर जारी कर दिया गया है। दूसरी ओर शुक्रवार को तहसील का मेनगेट पूरी तरह बंद कर दिया गया। काम से आने वाले लोगों को ही तहसील के भीतर प्रवेश करने दिया गया। लोगों की आवाजाही से गुलजार रहने वाली तहसील में शुक्रवार को सन्नाटा पसरा रहा। एसडीएम ने लोगों से घर के भीतर ही रहने की अपील की है।
एसडीएम शशांक चौधरी ने बताया कि कोरोना वायरस के मद्देनजर तहसील के सभी न्यायालयों में 31 मार्च तक न्यायिक कार्य स्थगित कर दिया गया है। किसी भी वाद में प्रतिकूल आदेश पारित नहीं किया जाएगा। अग्रिम तिथि की जानकारी मोबाइल नंबर 9837886458 पर प्राप्त की जा सकती है। प्रमाण पत्रों के लिए पूछताछ केंद्र पर व्यवस्था की गई है। उन्होंने लोगों से अपील की कि वे तहसील में न आएं और अपनी शिकायत हेल्पलाइन पर दर्ज कराएं। दूसरी ओर दिन भर तहसील परिसर में सन्नाटा पसरा रहा। अधिवक्ताओं के अलावा आम आदमी बेहद कम नजर आ रहे थे। रजिस्ट्री कार्यालय में भी 31 मार्च तक काम बंद करने की वजह से 31 मार्च तक तहसील का काम ठप हो सकता है। बार एसोसिएशन के अध्यक्ष तिलकराज चौहान ने बताया कि अधिवक्ताओं से संपर्क कर 31 मार्च तक तहसील में नहीं आने पर विचार किया जाएगा।