गजरौला। नगर पालिका परिषद के एक बाबू के पुत्र की जांच रिपोर्ट पॉजिटिव आने के बाद पालिकाकर्मियों में खलबली मची है। पालिका के स्टाफ समेत कुल 110 लोगों ने सीएचसी पहुंचकर अपनी जांच कराई। वहीं बाबू की पत्नी की रेपिड एंटीजन किट से हुई जांच में उनकी रिपोर्ट पॉजिटिव आने के बाद सैंपल को जांच के लिए लखनऊ भेजा गया है। उधर, नगर के मोहल्ला अवंतिका नगर और फ्रैंड्स कालोनी को सील कर वहां सैनिटाइजर का छिड़काव कराया गया। हालांकि जुबिलेंट की सैकिंड कालोनी के सामने न केवल बाजार लगा बल्कि वहां बैरीकेडिंग तक नहीं की गई।
बुधवार को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र नगर पालिका कर्मियों ने अपनी जांच कराई। इन समेत कुल 110 की जांच की गई। वहीं पालिका बाबू की पत्नी की रेपिड एंडीजन किट से हुई जांच में रिपोर्ट पॉजिटिव आई। केंद्र अधीक्षक डा. योगेंद्र सिंह ने बताया कि इस पर पूरी तरह विश्वास नहीं किया जा सकता है। इसलिए उनका सैंपल लखनऊ जांच को भेजा गया गया है। वहीं नगर के मोहल्ला कवि नगर, फ्रैंड्स नगर और अवंतिका नगर में पालिका कर्मियों ने संक्रमित पाए गए लोगों के घरों का ढाई सौ मीटर एरिया सील कर सैनिटाइजर का छिड़काव किया। उधर, जुबिलेंट की सैकिंड कालोनी में संक्रमित पा जाने के बावजूद वहां बैरिकेडिंग नहीं की गई। कालोनी के बाहर बाजार भी लगा। प्रधान संघ के ब्लाक अध्यक्ष कुंवरपाल खड़गवंशी ने अफसरों से इसकी शिकायत करने की बात कही है।