अमरोहा। कोरोना से मौत का सिलसिला जारी है। बुधवार को सराफ की मौत हो गई। संक्रमित होने पर उसे टीएमयू अस्पताल में भर्ती कराया गया था। तीन दिनों में ये पांचवीं मौत है। वहीं 44 नए पॉजिटिव केस सामने आए। संक्रमितों में मां-बेटी, निजी बैंक के मैनेजर, पुलिसकर्मी और प्रधान शामिल हैं।
जिले के 52 वर्षीय सराफ कोरोना संक्रमित पाए गए थे। उन्हें टीएमयू अस्पताल में भर्ती कराया गया था। जहां इलाज के दौरान बुधवार को उनकी मौत हो गई। सराफ की मौत से परिजनों में कोहराम मच गया। पिछले तीन दिनों में कोरोना से मरने की संख्या पांच हो गई है। जिले में अभी तक कोरोना से 29 लोगों की मौत हो चुुकी है। बुधवार को सरकारी लैब से 215 सैंपलों की रिपोर्ट अमरोहा पहुंची। सरकारी लैब की जांच में 14 लोग कोरोना संक्रमित पाए गए। वहीं जिले में एंटीजन और ट्रूनेट मशीन से 1126 लोगों की जांच कराई गई। इसमें 30 लोगों की रिपोर्ट पॉजिटिव पाई गई। संक्रमित मरीजों को कोविड अस्पताल और होम आइसोलेशन में भेज दिया गया है। जिले में अभी तक 1986 लोग संक्रमित पाए गए जा चुके हैं। जबकि 1545 लोग कोरोना की जंग जीतकर स्वस्थ हो चुके हैं। जिले में एक्टिव केसों की संख्या 326 है।