अमरोहा। शहर के बहुप्रतीक्षित आजाद रोड का निर्माण जल्द शुरू हो सकता है। पीडब्ल्यूडी के एस्टीमेट की लागत का चेक गुरुवार को दिया गया। इसके निर्माण पर 1,56,38,812 रुपये की लागत आएगी। पीडब्ल्यूडी अब जल्द ही टेंडर प्रक्रिया शुरू करेगा। 990 मीटर लंबी सड़क बनाई जानी है।
शहर की टूटी सड़कों के निर्माण को लेकर पीडब्ल्यूडी और नगर पालिका के बीच सितंबर 2019 से पत्राचार हो रहा है। लोक लेखा समिति के सभापति/विधायक महबूब अली और एमएलसी परवेज अली के पत्र के हवाले से पीडब्ल्यूडी ने नगर पालिका से शहर की पांच सड़कों के निर्माण के लिए अनापत्ति प्रमाण पत्र (एनओसी) तलब की, लेकिन कई बार शर्तों को लेकर पेंच फंस गया। अमर उजाला ने टूटी सड़कों के मामले को प्रमुखता से उठाया था। इसके बाद 14वें वित्त आयोग की रकम से पीडब्ल्यूडी से निर्माण कराने पर नगर पालिका सहमत हो गया। नगर पालिका की अध्यक्ष शशि जैन ने गुरुवार को पीडब्ल्यूडी के सहायक अभियंता हेमंत प्रताप सिंह को चेक सौंपा। उनके साथ लेेखाकार मोहम्मद अजहर, सभासद अकील अंसारी, अंकित गुप्त, विकास विक्की टंडन, उमर उद्दीन, वीर अभिमन्यु, शकील चौधरी, आदि रहे।