अमरोहा। टीकाकरण के दूसरे चरण में शुक्रवार को पंजीकृत 1131 में से 769 फ्रंट लाइन वर्कर्स को कोरोना से बचाव का टीका लगाया गया जबकि 362 लोग छूट गए हैं। अब सोलह जनवरी को टीका लगवाने वाले 371 स्वास्थ्य कर्मियों को पंद्रह फरवरी को दूसरी डोज दी जाएगी। सुरक्षा के लिहाज से बूथों पर कड़े इंतजाम रहे। सीएमओ ने बूथों का निरीक्षण कर अधीनस्थों को आवश्यक दिशा निर्देश दिए। टीकाकरण कुल 67.99 प्रतिशत रहा।
कोरोना वैक्सीन के दूसरे चरण में तीसरा टीकाकरण शुक्रवार को जोया सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, अमरोहा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, जिला अस्पताल, टीबी क्लीनिक, हसनपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, डब्ल्यूटीएम हॉस्पिटल फतेहपुर समेत छह अस्पतालों में ग्यारह बूथों पर पुलिस, प्रशासनिक और नगर पालिका समेत तमाम फ्रंट लाइन वर्कर्स को टीका लगाया गया। सुबह 10 बजे से शाम 6 बजे तक कोरोना से बचाव का टीका लगाया गया। दिन भर इक्का-दुक्का कर्मियों के बूथों पर आने का सिलसिला जारी रहा। सभी बूथों पर प्रभारी चिकित्सा अधिकारी के अलावा नोडल अधिकारी भी मौजूद रहे।
सीएमओ सौभाग्य प्रकाश ने अधीनस्थों के साथ बूथों का निरीक्षण किया। यहां मौजूद अधिकारी कर्मचारियों को दिशा निर्देश दिए। सीएमओ ने बताया कि आठ अस्पतालों में 11 बूथों पर 1131 लोगों को टीका लगाया जाना था। लेकिन 769 लोग ही टीका लगवाने पहुंच सके। 369 कर्मचारी टीका लगवाने से वंचित रह गए। अब सोलह जनवरी को टीका लगवाने वाले 371 स्वास्थ्य कर्मियों को कोरोना से बचाव की दूसरी डोज लगाई जाएगी।