गजरौला। हाईटेंशन लाइन का तार कंक्रीट मिक्चर मशीन से छू जाने के कारण उसमें आए करंट से चालक नरेंद्र शर्मा (37)की मौत हो गई। वह संभल के बहजोई थाना क्षेत्र के पुरा गांव के रहने वाले थे।
संभल के बहजोई थाना क्षेत्र के पुरा गांव निवासी नरेंद्र शर्मा (37) कंक्रीट मिक्सर मशीन चलाते थे। वह मंगलवार दोपहर ख्यालीपुर ढाल के निकट हाईवे किनारे एक निर्माणाधीन होटल में काम कर रहे थे। यहां हाईटेंशन लाइन गुजर रही है। उसका तार कंक्रीट मिक्चर मशीन में छू गया जिससे मशीन में करंट उतर आया। पुलिस का कहना है कि जैसे ही चालक ने खिड़की खोलकर जमीन पर कदम रखा, गीला हाेने के कारण उनको करंट लगा।
मौके पर ही चालक नरेंद्र की मौत हो गई। साथ काम करने वाले कर्मचारी उनको तुरंत सीएचसी में लेकर आए। यहां पर देखते ही उनको मृत घोषित कर दिया। घटना की जानकारी होने पर परिजनों में चीख पुकार मच गई। सूचना पाकर पुलिस सीएचसी में पहुंची। शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा। सीओ अंजलि कटारिया का कहना है कि करंट लगने से चालक की मौत का मामला सामने आया है। शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया।