तिगरी धाम (अमरोहा)। गंगा मेले में चल रहे सांस्कृतिक कार्यक्रम के पंडाल के वीआईपी गेट पर अंदर जाने की कोशिश कर रहे भाजपा के जिला स्तरीय पदाधिकारियों को पुलिसकर्मियों ने रोक लिया। इस दौरान भाजपाइयों की पुलिसकर्मियों से नोकझोंक भी हुई। हंगामा होने पर भाजपा के जिला महामंत्री अभिनव कौशिक और एमएलसी डाॅ. हरि सिंह ढिल्लों मौके पर पहुंचे और मामला शांत कराया।
सोमवार रात करीब नौ बजे तिगरी मेले में सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन हो रहा था। कार्यक्रम स्थल में प्रवेश के लिए प्रशासन द्वारा दो गेट बनाए गए हैं इनमें एक गेट वीआईपी लोगों के प्रवेश के लिए है जबकि दूसरा गेट श्रद्धालुओं के लिए है। इसी बीच भाजपा के जिला स्तरीय दो पदाधिकारी वीआईपी गेट से प्रवेश करने की कोशिश कर रहे थे। गेट पर ड्यूटी पर तैनात दरोगा ने उन्हें रोक लिया और अंदर नहीं जाने दिया। इसी को लेकर नोकझोंक शुरू हो गई।
हंगामा होने पर कार्यक्रम में मौजूद भाजपा के जिला महामंत्री अभिनव कौशिक और एमएलसी डाॅ. हरि सिंह ढिल्लों वहां पहुंच गए। उन्होंने पुलिसकर्मियों को समझाकर मामला शांत कराया। हालांकि, मले में कोई कार्रवाई नहीं हुई है। भाजपा के जिला महामंत्री अभिनव कौशिक ने बताया कि भाजपा के जिला स्तरीय पदाधिकारियों को अंदर जाने से रोकने पर विवाद हुआ था। मामला शांत करा दिया है। अब कोई बात नहीं है।