मंडलायुक्त एल वेंकेटेश्वर लू ने नौगावां सादात स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के निरीक्षण में पोल खुल गई। पर्चा बनाने से लेकर दवाइयों का स्टाक चेक करने के दौरान कमिश्नर को खामियां मिलीं। इस दौरान मरीजों ने सुविधाएं न मिलने की शिकायत की तो कमिश्नर का पारा चढ़ गया। उन्होंने अफसरों को अव्यवस्था के लिए फटकार लगाई तो प्रशासन स्टाफ की कमी का रोना रोने लगा।
नौगावां सीएचसी में निरीक्ष्ाण के दौरान कमिश्नर को न तो दवाइयों का रख रखाव ठीक मिला और न टीवी कक्ष में साफ सफाई मिली। इस दरम्यान मरीजों ने स्टाफ की ठीक से देखभाल नहीं करने की शिकायत की। इस पर कमिश्नर खफा हुए तो प्रशासन स्टाफ कम होने का रोना रोने लगा। कहा कि, स्टाफ बहुत कम होने की वजह से दिक्कत आ रही है। इधर, छह साल इमारत को बने हो गए हैं, मगर वह मानक अनुसार नहीं पाया गया।
30 बेड के अस्पताल में तमाम खामियां पाई। इस पर खफा कमिश्नर ने हिदायत दी कि स्थिति सुधारें। बाद में कमिश्नर ने नगर पंचायत भवन और बारातघर का भी मुआयना किया। ईंट और मसाले की टेस्टिंग के निर्देश दिए। इस दौरान डीएम वेद प्रकाश, सीडीओ अभिषेक सिंह, सीएमओ एसके जैन, एक्सईएन एसके जैन, एसडीएम प्रवीणा अग्रवाल, सीओ शील कुमार, ईओ सुनील शर्मा आदि थे।
प्रभारी चिकित्साधीक्षक डॉ. इदरीश का कहना है कि डॉक्टरों की कमी के कारण नौगावां सीएचसी में थोड़ी परेशानी आ रही है, जो कमियां मिली हैं। उन्हें दूर की जाएंगी।