अमरोहा। डिडौली थाना क्षेत्र के एक गांव स्थित इंटर कॉलेज में शिक्षक के उत्पीड़न से आहत 10वीं की छात्रा आवाज और याददाश्त खो बैठी। कई दिन तक मुरादाबाद में उपचार के दौरान छात्रा को होश आया तो उसने आपबीती सुनाई। पुलिस ने मामले में आरोपी शिक्षक के खिलाफ छेड़खानी, हत्या की कोशिश और एससी-एसटी एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया है। कॉलेज प्रबंधन ने भी आरोपी शिक्षक को निष्कासित कर दिया। सीओ और इंस्पेक्टर ने भी कॉलेज पहुंचकर जांच पड़ताल की।
थाना क्षेत्र के एक गांव निवासी किसान की दो बेटी क्षेत्र के ही एक इंटर कॉलेज में पढ़ती हैं। कक्षा दस में पढ़ने वाली 15 वर्षीय बेटी को करीब दो महीने से स्कूल में पढ़ाने वाला संविदा शिक्षक विवेक चीमा परेशान कर रहा है। वह अन्य छात्राओं के साथ छेड़खानी करता है। किसान की बेटी और अन्य दो छात्राओं ने शिक्षक की शिकायत कक्षा अध्यापिका से की। कक्षा अध्यापिका ने छात्राओं को साथ ले जाकर प्रधानाचार्य को पूरे मामले के बारे में बताया।
लिहाजा प्रधानाचार्य ने आरोपी शिक्षक विवेक चीमा को अपने कार्यालय में बुलाकर फटकार लगाई और दंडित किया। जिससे नाराज होकर 19 अप्रैल को आरोपी शिक्षक ने धोखे से छात्रा को स्कूल के पीछे बुलाकर छेड़खानी की और जान से मारने की नीयत से गला दबा दिया। जिससे छात्रा की आवाज चली गई। छुट्टी के बाद छात्रा बदहवास अवस्था में घर पहुंची तो वह कुछ बोल नहीं पा रही थी। कई दिन उपचार के बाद भी हालत में सुधार हुआ तो छात्रा ने फिर से स्कूल जाना शुरू कर दिया। जिस पर आरोपी शिक्षक ने फिर से जान से मारने की धमकी दी।
लगातार शिक्षक के उत्पीड़न से परेशान होकर छात्रा डर के कारण अपनी याददाश्त खो बैठी। छात्रा ने परिवार के लोगों को ही पहचाने से इन्कार कर दिया। परिजनों ने उसे उपचार के लिए मुरादाबाद के निजी अस्पताल में भर्ती कराया। सात मई को छात्रा को अस्पताल में होश आया तो उसने परिजनों को आरोपी शिक्षक की हरकतों के बारे में बताया। परिजनों ने कॉलेज की प्रधानाध्यापिका से संपर्क किया तो वह स्टाफ के साथ छात्रा से मिलने पहुंची और उन्होंने आरोपी शिक्षक को स्कूल से निकालने का आश्वासन दिया। सीओ सिटी अरुण कुमार ने बताया कि मामले में आरोपी शिक्षक विवेक चीमा के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
काॅलेज प्रधानाचार्य ने छात्रा की शिकायत के आधार पर संविदा शिक्षक विवेक चीमा को सात मई को विद्यालय से निष्कासित कर दिया है। छात्रा के परिजनोंं ने केस दर्ज कराया है, पुलिस मामले की जांच कर रही है।
-
छात्रा के पिता की शिकायत पर शिक्षक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। मामले की जांच की जा रही है। जल्द ही आरोपी शिक्षक को गिरफ्तार कर लिया जाएगा। - राजीव कुमार सिंह, एएसपी
मामला संज्ञान में नहीं हैं। अगर शिक्षक संविदा पर था तो कॉलेज प्रबंधन ने रखा होगा। अगर ऑफिस में शिकायत आती है तो विभागीय जांच कराकर कार्रवाई की जाएगी। -विष्णु प्रताप सिंह, डीआईओएस अमरोहा