गजरौला थानाक्षेत्र निवासी छात्रा की मां ने बताया कि आरोपी युवक कई महीने से सरेराह बेटी को परेशान करता था। साइकिल से स्कूल जाते समय अक्सर पीछा कर छेड़खानी करता था। इस संबंध में छात्रा ने परिजनों को जानकारी दी थी, जिसके बाद कई बार आरोपी युवक को समझाया और पुलिस कार्रवाई की चेतावनी भी दी लेकिन वह हरकतों से बाज नहीं आया।
आरोप है कि बुधवार को भी स्कूल से लौटते समय आरोपी नय्यूम ने छात्रा को रास्ते में परेशान किया जिसके बाद छात्रा मानसिक रूप से काफी परेशान थी। उसने परिजनों को भी इसकी जानकारी दी। फिर बृहस्पतिवार की सुबह करीब आठ बजे छात्रा की मां पशुशाला में चली गईं, जबकि छोटी बहन स्कूल गई थी। इसी दौरान घर में अकेली छात्रा ने फंदे पर लटक कर जान दे दी। कुछ देर बाद मां वापस लौटीं तो कमरे में बेटी को लटका देखकर चीख पड़ीं। शोर सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंच गए।
सूचना मिलते ही सीओ हसनपुर पंकज त्यागी और गजरौला प्रभारी निरीक्षक मनोज कुमार पुलिस बल के साथ गांव पहुंचे। सीओ पंकज त्यागी ने बताया कि मामले में छात्रा के भाई की तहरीर पर नय्यूम के खिलाफ आत्महत्या के लिए उकसाने के आरोप में प्राथमिकी दर्ज की गई है। आरोपी युवक को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।
चार बहनों में सबसे छोटी थी छात्रा
युवक की छेड़खानी से तंग आकर जान देनी वाली दसवीं की छात्रा चार बहनों में सबसे छोटी थी, जबकि दो बहनों की पहले ही शादी हो चुकी है और तीसरे नंबर पर एक भाई है। घटना के बाद से माता-पिता और भाई-बहन रो-रोकर बेहाल हैं। परिजनों ने आरोपी युवक के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।