अमरोहा। जिले को भी अब सर्किट हाउस की सौगात मिलने जा रही है। इससे यहां आने वाली वीआईपी और वीवीआईपी को ठहरने की सुविधा मिल सकेगी। करीब साढ़े तीन बीघा में तैयार होने वाले इस सर्किट हाउस में एक करोड़ इक्यानवे लाख का खर्चा आएगा। निर्माण के लिए कार्य शुरू हो चुका है और पिलर के लिए गड्ढों की खोदाई का कार्य किया जा रहा है।
जिले में अभी तक सर्किट हाउस नहीं बना हुआ था। जिसके चलते यहां आने वाले वीआइपी को दूसरे विभागों के गेस्ट हाउस या प्राइवेट रूम का सहारा लेना पड़ता है। पिछले दिनों डिडौली क्षेत्र में हाईवे किनारे पीडब्ल्यूडी द्वारा जमीन की तलाश की गई। यहां करीब साढ़े तीन बीघा जमीन खरीदी गई। उसके बाद सर्किट हाउस के लिए बजट शासन को भेजा गया। वहां से एक करोड़ इक्यानवे लाख रुपये स्वीकृत हुए। बजट स्वीकृत होते ही इसका निर्माण कार्य शुरू कर दिया गया है। पहले यहां जमीन को समतल किया गया। उसके बाद अब पिलर के लिए गड्ढों की खोदाई का कार्य शुरू कर दिया गया है। सर्किट हाउस में चार अलग-अलग अपार्टमेंट बनेंगे। जिसमें भवन, रसोई व कमरे बनेंगे। आने वाले एक वर्ष में इसे तैयार करने का लक्ष्य रखा गया है।
डिडौली क्षेत्र में बन रहे सर्किट हाउस के निर्माण के लिए पिलर बनाने के लिए गड्ढा खोदाई का कार्य शुरू कर दिया गया है। शासन से जैसे ही बजट पास हुआ, वैसे ही कार्य शुरू करा दिया गया है। सर्किट हाउस तैयार कराने के लिए एक वर्ष का लक्ष्य रखा गया है। रविवार को उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य इसका शिलान्यास करेंगे। मनोज कुमार, एक्सईएन पीडब्ल्यूडी।
-एसके अग्रवाल, अधीक्षण अभियंता-पीडब्ल्यूडी