अमरोहा के मिनी स्टेडियम में मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह में मौजूद जोड़े व उनके परिजन।
- फोटो : JPNAGAR
अमरोहा। जिलेभर में मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के तहत कार्यक्रम आयोजित हुए। नगर के मिनी स्टेडियम में गरीब और असहाय बेटियों के हाथ पीले हुए। योजना के तहत जोड़ों के खाते में निर्धारित धनराशि भेजने के साथ ही उन्हें घर गृहस्थी चलाने को जीवनोपयोगी सामग्री भी प्रदान की गई। वहीं जनपद भर में 549 जोड़े शादी के पवित्र बंधन में बंधे। अधिकारी और परिवारजनों ने नवविवाहित वर-वधू को उनके सुखद जीवन के लिए आशीर्वाद देते हुए उज्ज्वल भविष्य की कामना की। इस दौरान समारोह में कोविड नियमों केे जमकर धज्जियां उड़ीं।
रविवार को मिनी स्टेडियम में लगे भव्य पंडाल में सामूहिक विवाह कार्यक्रम का शुभारंभ जिलाधिकारी बाल कृष्ण त्रिपाठी, मुख्य विकास अधिकारी चंद्रशेखर शुक्ला, उप जिला अधिकारी सदर विजय शंकर, नगर पालिका चेयरमैन शशि जैन सहित विधिवत रूप से शुभारंभ किया। जिलाधिकारी बाल कृष्ण त्रिपाठी ने कहा कि मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के अंतर्गत 549 गरीब परिवारों की बेटियों का विवाह संपन्न हुआ है। उन्होंने बताया कि महिलाओं को स्वावलंबी और आत्मनिर्भर बनाने का प्रयास किया जा रहा है। उनको रोजगार मुहैया कराया जा रहा है।
सीडीओ चंद्रशेखर शुक्ल ने कहा कि मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के अंतर्गत गरीब और असहाय परिवार की बेटी का विवाह कराए जा रहे हैं। चेयरमैन शशि जैन ने कहा कि प्रदेश सरकार की इस योजना से समाज के अंतिम छोर पर खड़े गरीब व्यक्ति तक लाभ पहुंचा रहा है। इसके अलावा विवाह समारोह में सभी लोगों का आपसी सामंजस्य एक-दूसरे के प्रति लगाव को दर्शाता है।
इस दौरान बेटियों के लिए 35,000 हजार की अनुदान राशि बैंक खाते में अंतरित की गई। विवाह बंधन में बंधे वालों में 206 मुस्लिम और 343 हिंदू जोड़े शामिल रहे। इस दौरान अमरोहा नगर के राजकीय मिनी स्टेडियम में 201, सम्राट बैंक्वेट हॉल धनौरा में 208, सुखदेवी इंटर कॉलेज हसनपुर में 140 जोड़ों का विवाह संपन्न हुआ। इस दौरान जिला विकास अधिकारी प्रदीप यादव, अधिशासी अधिकारी डॉ बृजेश कुमार आदि मौजूद रहे।