उत्तर प्रदेश के अमरोहा में पुरानी रंजिश के चलते पड़ोसियों ने शुकवार की रात शादियों में खाना पकाने वाले बावर्ची फहीम (35) की गोली मारकर हत्या कर दी। मौके पर पहुंची पुलिस से जांच पड़ताल की। परिजनों ने आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर हंगामा किया। एसपी अमित कुमार आनंद ने घटनास्थल का मुआयना किया। फिंगरप्रिंट एक्सपर्ट की टीम ने भी मौके पर सबूत जुटाए। मामले में पुलिस ने चार सगे भाइयों के खिलाफ हत्या की रिपोर्ट दर्ज की है। पुलिस उनकी गिरफ्तारी के प्रयास कर रही है।
मृतक बावर्ची फहीम अमरोहा नगर के मोहल्ला चकली में रहने वाले दिवंगत महबूब के बेटे थे। फहीम शादियों में खाना पकाने का काम करते थे। उनके परिवार में पत्नी शहजादी के अलावा तीन बच्चे हैं। परिजनों के मुताबिक पड़ोस में रहने वाले वली अहमद के परिवार से पुरानी रंजिश चल रही है।
शुक्रवार की रात करीब 9:15 बजे फहीम अपनी रिश्तेदारी में जा रहे थे। जैसे ही वह मोहल्ला काजीजादा में चांद सूरज इमामबाड़े के पास पहुंचे, तभी वली अहमद के बेटे जाकिर, जाहिद, वाहिद और शाहिद ने फहीम पर हमला कर दिया और गोली मारकर हत्या कर दी। फहीम के सिर पर चोट के निशान मिले। जबकि, शरीर पर छर्रों के निशान भी हैं।
घटना में फहीम की मौके पर मौत हो गई। थोड़ी देर में लोगों की भीड़ जमा हो गई। आरोपी घटना को अंजाम देकर भाग निकले। सूचना मिलते ही नगर कोतवाली इंस्पेक्टर पंकज तोमर फोर्स के साथ मौके पर पहुंच गए और जांच पड़ताल की। जानकारी मिलते ही एसपी अमित कुमार आनंद, सीओ सिटी शक्ति सिंह भी मौके पर पहुंच गए।
पुलिस ने घटनास्थल पर लोगों से पूछताछ की और मृतक फहीम के परिजनों से भी घटना के बारे में जानकारी जुटाई। एसपी अमित कुमार आनंद ने बताया कि मामले में मृतक फहीम के भाई एजाज की तहरीर पर पड़ोस में रहने वाले जाकिर, जाहिद, वाहिद, शाहिद के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। जल्दी ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा। मृतक और आरोपियों के परिवार के बीच पुरानी रंजिश क्या चल रही है, इसका पता लगाया जा रहा है।