एक निजी टीवी चैनल के लाइव शो में सपाई व बसपाई आमने सामने आ गए। बहस के दौरान एक दूसरे के नेताओं पर हो रहे हमलों से समर्थकों में खींचतान व मारपीट शुरू हो गई। इससे हंगामा खड़ा हो गया। देखते ही देखते भगदड़ मच गई और मंजर बदल गया। एक-दूसरे के ऊपर कुर्सियां फेंकने लगे।
आयोजकों ने मंच पर आसीन नेताओं को सुरक्षा का घेरा बनाकर बचाया। इसके बाद समर्थकों के मध्य बाहर जबरदस्त लात घूंसे चले। पुलिस भी उनको बचाने की हिम्मत नहीं जुटा पाई। थोड़ी देर में ही भारी फोर्स के साथ घटनास्थल पर जाकर अधिकारियों ने स्थिति को काबू में किया। आयोजकों ने कार्यक्रम बंद कर दिया।
रविवार की देर शाम हाशमी गर्ल्स डिग्री कालेज में एक प्रतिष्ठित टीवी चैनल द्वारा लाइव शो का आयोजन किया जा रहा था, जिसमें पार्टी के नेताओं से जनता सवाल कर रही थी। मंच पर कांग्रेस से सिराजुद्दीन हाशमी, सपा से पालिकाध्यक्ष अफसर परवेज, बसपा से नवेद अयाज, भाजपा से नगर अध्यक्ष राकेश वर्मा व एआईएमआईएम प्रत्याशी शमीम अहमद तुर्क थे। जनता तरह-तरह के सवाल उनसे पूछ रही थी। हर कोई एक दूसरे को कटघरे में खड़ा करने की कोशिश कर रहा था।
इसी दौरान बसपा नेता नवेद अयाज ने कैबिनेट मंत्री महबूब अली के बेटे परवेज अली पर टिप्पणी की, जिसके बाद सपाई हंगामा करने लगे। थोड़ी देर में ही दोनों के समर्थकों में गाली गलौज और फिर मारपीट होने लगी, जिससे वहां भगदड़ मच गई। कुर्सियां फेंकते हुए पब्लिक भागने लगी। पुलिस कर्मियों संग भी धक्का मुक्की हुई।
आयोजकों को भी गुस्साए लोगों ने नहीं बख्शा। विवाद की सूचना मिलते ही दलबल के साथ कोतवाल कार्यक्रम स्थल पर पहुंच गए। स्थिति को संभालते हुए लोगों को बाहर किया। मामला बिगड़ने पर आयोजकों द्वारा शो बंद करना पड़ गया।