गजरौला(अमरोहा)। रेलवे के अवैध रूप से टिकट बनाकर बेच रहे आरोपी को आरपीएफ ने कंप्यूटर व 19 टिकट संग पकड़ा है। वह अपनी आईडी पर कई जिलों के टिकट बनाकर बेचता था। वह साल भर से इस अवैध कार्य को अंजाम दे रहा था।
आरपीएफ थाना प्रभारी अखिलेश कुमार ने बताया कि उनको मुखबिर से सूचना मिल रही थी कि उझारी निवासी एक शख्स अपनी पर्सनल आईडी पर टिकट बनाकर बेच रहा है। जिसके बाद उसकी तलाश में आरपीएफ कर्मी लग गए। गुरुवार को टीम ने उझारी निवासी मोईनुद्दीन पुत्र नवाबुद्दीन के घर दबिश देकर उसे गिरफ्तार कर लिया। मौके से कंप्यूटर व बने हुए 19 टिकट बरामद किए। पूछताछ में उसने कबूल किया कि वह एक साल से इस कार्य को अंजाम दे रहा था। बरामद टिकटों में मुरादाबाद, प्रतापगढ़, बरेली, प्रयागराज और आंवला के हैं। उसके खिलाफ संबंधित धाराओं में एफआईआर दर्ज की गई है। आरोपी को जेल भेजा जा रहा है।
सीओ जीआरपी ने लिया कांकाठेर रेलवे स्टेशन की सुरक्षा का जायजा
तिगरी धाम। जीआरपी सीओ मुरादाबाद देवीदयाल ने तिगरी गंगा मेले में आ रहे श्रद्धालुओं की सुरक्षा के मद्देनजर गुरुवार को कांकाठेर रेलवे स्टेशन का भ्रमण किया। सुरक्षा के इंतजाम परखे। देखा कि कहां पर स्टाफ को तैनात किया जाना चाहिए। जिससे श्रद्धालुओं के साथ किसी तरह की घटना न हो। ड्यूटी प्वाइंट भी चेक किए। जीआरपी अस्थायी चौकी इंचार्ज धर्मेंद्र सिंह व जीआरपी कर्मियों को दिशा निर्देश दिए कि श्रद्धालुओं की सुरक्षा में कोई लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। संवाद