अमरोहा। दिल्ली से लग्जरी कार को चोरी कर मुरादाबाद की दिशा में भाग रहे चोर को डिडौली पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। उसके कब्जे से कार को बरामद कर लिया। कार में जीपीएस सिस्टम लगा हुआ था। जिस कारण मालिक को उसकी लोकेशन मिल रही थी। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया है।
बुधवार की सुबह दिल्ली के यमुना विहार निवासी अभिषेक अग्रवाल की लग्जरी कार बाजार में खड़ी थी। तभी चोरों ने हाथ साफ कर दिया। कार चोरी कर मुरादाबाद की दिशा में भाग निकले। पीड़ित अभिषेक ने तत्काल भजनपुर दिल्ली थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई। जीपीएस सिस्टम के आधार पर पुलिस को लोकेशन दी। इस दौरान भजनपुरा पुलिस ने डिडौली पुलिस को कार चोरी की जानकारी दी। जानकारी मिलते ही जोया चौकी इंचार्ज शेर सिंह और डिडौली एसएसआई ने जोया में चेकिंग शुरू कर दी। कार के आते ही पुलिस ने घेराबंदी कर दी। कार लेकर भाग रहे युवक को गिरफ्तार कर लिया। पीछे से कार का मालिक भी मौके पर आ गया। उसने पूरा मामला पुलिस को बताया। एसएसआई सतेंद्र कुमार ने बताया कि चौकी इंचार्ज शेर सिंह थापा की तहरीर पर रामपुर निवासी रवि यादव के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। अब मालिक को उनकी कार कोर्ट के माध्यम से मिल सकेगी।