अमरोहा। मंडी धनौरा-अमरोहा रोड पर बुधवार रात सड़क हादसे में युवक की मौत हो गई, जबकि उसके दो दोस्त घायल हो गए।
हादसा नीलगाय के सामने आकर टकराने के बाद अनियंत्रित होकर कार पलटने से हुआ। पुलिस ने घायलों को अस्पताल पहुंचाया। मामले में पुलिस कार्रवाई नहीं की गई है।
डिडौली कोतवाली क्षेत्र के गांव दीपपुर निवासी शाहिद हुसैन का बेटा जैनुल बुधवार रात अपने दोस्त फैजान और एक अन्य साथी के साथ कार से मंडी धनौरा रोड पर जा रहे थे। फैजान मूल रूप से कालाखेड़ा गांव का निवासी हैं और वर्तमान में बिजनौर रोड स्थित नल नई बस्ती में रहते हैं। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार जब कार मूंढ़ाखेड़ा चौकी के पास पहुंची, तभी जंगल की ओर से एक नीलगाय तेजी से सड़क पार करने लगी। चालक कुछ समझ पाता उससे पहले ही नीलगाय कार से टकरा गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार संतुलन खो बैठी और सड़क किनारे पलट गई। हादसे के बाद कार में सवार तीनों युवक उसमें फंस गए। आसपास के लोगों ने तत्काल पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस और स्थानीय लोगों ने कड़ी मशक्कत के बाद युवकों को बाहर निकाला और जिला अस्पताल पहुंचाया। अस्पताल में चिकित्सकों ने जैनुल को मृत घोषित कर दिया, जबकि फैजान और एक अन्य युवक को प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए मुरादाबाद के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया। दोनों की हालत में सुधार बताया जा रहा है। युवक की मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया।
बृहस्पतिवार को परिजनों ने बिना किसी कानूनी कार्रवाई के शव को सुपुर्द-ए-खाक कर दिया। सीओ अवधभान भदोरियाोन बताया कि मामले में परिजनों ने कानूनी कार्रवाई करने से इन्कार कर दिया है।
वहीं ग्रामीणों ने अमरोहा-मंडी धनौरा मार्ग के आसपास जंगल होने के कारण अक्सर नीलगाय और अन्य जंगली जानवर सड़क पर आ जाते हैं। इससे हादसों का खतरा बना रहता है। लोगों ने प्रशासन से सड़क किनारे सुरक्षा उपाय बढ़ाने की मांग की है, जिससे भविष्य में ऐसे हादसों को रोका जा सके।