गजरौला (अमरोहा)। केमिकल के ड्रमों से भरा कैंटर सड़क किनारे बिजली के खंभे से टकराकर पलट गया। तारों के संपर्क में आने से उसमें आग लग गई। कैंटर में मौजूद हेल्पर अरबाज (22) की जलकर मौत हो गई। कैंटर के भीतर बैठीं अन्य सवारियों ने बाहर कूदकर खुद को बचाया।
यह हादसा गजरौला-धनौरा मार्ग पर कुमराला पुलिस चौकी के पास शनिवार सुबह करीब पांच बजे हुआ। इस हादसे में जिंदा जला अरबाज चांदपुर (बिजनौर) के स्याऊ मोहल्ले का रहने वाला था। फिलहाल वह बछरायूं में नाना के घर रहता था। देखते-देखते आग का गोला बने कैंटर की लपटें काबू करने में दमकल कर्मियों को खासी मशक्कत करनी पड़ी।
सीओ अंजलि कटारिया ने बताया कि कैंटर में केमिकल के ड्रम भरे थे, जिससे बिजली के तारों से लगी आग तेजी से फैल गई। एसएसआई ब्रजेश कुमार ने बताया कि पुलिस ने कैंटर से बाहर निकलीं सवारियों की मदद की। सभी लोग बुरी तरह घबराए हुए थे। पुलिस इंस्पेक्टर अखिलेश प्रधान ने बताया कि कैंटर की आग बुझाने के बाद अरबाज का कंकाल हाथ आया। उसकी डीएनए जांच कराई जाएगी।
-
माता-पिता की मौत के बाद नाना के घर रहता था
अरबाज के छोटे भाई अरबाव ने बताया कि करीब आठ साल पहले मां हुस्नो की बीमारी से मौत हो गई थी। वहीं, तीन साल पहले पिता राशिद की भी बीमारी से जान चली गई। मां की मौत के समय भाई अरबाज 14 साल और वह 11 साल का था। माता-पिता की मौत के बाद दोनों भाई बछरायूं के पीरजादगान मोहल्ला निवासी नाना अब्दुल रब के पास रहते थे। वहीं एक साल पहले अरबाज की मुरादाबाद निवासी बुशरा के साथ शादी हुई थी। उसके आठ माह का बेटा है।
बिजली आपूर्ति भी रही बाधित
बिजली विभाग के अधिशासी अभियंता नीरज कुमार ने बताया कि कैंटर की टक्कर से बिजली का खंभा टूट गया। हाईटेंशन लाइन भी क्षतिग्रस्त हो गई। इससे कुमराला बिजलीघर से आपूर्ति बाधित हो गई। कई गांवों को लंबे समय बिजली नहीं मिल सकी। खंभा बदलवाकर दोपहर करीब दो बजे बिजली सुचारु कराई गई।
चालक जमाल के पिता बोले, बिना बताए कैंटर ले गया था हेल्पर
आग में जला कैंटर मुरादाबाद निवासी मोहम्मद अली का बताया जा रहा है। वहीं, कैंटर चालक जमाल के पिता ने बताया कि उनका बेटा शुक्रवार को मुंबई से कैंटर में केमिकल के ड्रम लादकर लाया था। इसमें कुछ केमिकल अमरोहा का था, जिसे उतार दिया था। कैंटर में चंदौसी का केमिकल रह गया था, जिसे शनिवार को उतारने जाना था। जमाल ने रात में कैंटर बछरायूं में अड्डे पर खड़ा कर दिया था और वह घर जाकर सो गया था। जमाल के पिता का आरोप है कि हेल्पर बिना बताए ही कैंटर ले गया था और हादसा हो गया।
-
हेल्पर के भाई का आरोप, चालक की लापरवाही से हुआ हादसा
कैंटर में आग लगने से जलकर मरे हेल्पर अरबाज के छोटे भाई अरबाव ने बताया कि हादसे के लिए कैंटर चालक की लापरवाही जिम्मेदार है। रात करीब 1.30 बजे कैंटर पलट जाने के बाद चालक ने हादसे की सूचना पुलिस को नहीं दी और वह कैंटर को पलटा हुआ छोड़कर घर चला गया। उधर, आसपास के लोगों का कहना है कि जिस समय कैंटर पलटा था, उस समय बिजली नहीं आ रही थी। शनिवार सुबह करीब पांच बजे हेल्पर अरबाज पलटे हुए कैंटर से कुछ सामान निकालने गया। इसी बीच बिजली आ गई, जिससे कैंटर में आग लग गई और अरबाज की जलकर मौत हो गई।
-
कैंटर में आग लगने से जलीं तीन दुकानें
गजरौला। कैंटर में आग ने आसपास की दुकानों को अपनी चपेट में ले लिया। अतरपुरा मोहल्ला निवासी जोगेंद्र की मिठाई की दुकान में आग लग गई। उसका काउंटर जल गया। दुकान स्वामी ने काफी नुकसान बताया है। इसी तरह मुनेश की बिरयानी का काउंटर भी जल गया। बराबर में ही कृपानाथपुर के गुलशन का खोखा राख हो गया। संवाद