अमरोहा। ग्रीष्मकालीन अवकाश के बाद माध्यमिक विद्यालयों में कई अहम बदलाव हुए हैं। इसके तहत अब स्कूलों में ऑनलाइन हाजिरी लगाने की व्यवस्था शुरू की जा रही है। शिक्षकों के साथ विद्यार्थियों को भी इससे जोड़ा जा रहा है। विद्यालय में उपस्थिति बढ़ाने और फर्जीवाड़े पर अंकुश लगाने के लिए इसे लागू किया जा रहा है।
जिले में 25 राजकीय और 33 सहायता प्राप्त विद्यालयों समेत कुल 405 माध्यमिक विद्यालयों का संचालन होता है। स्कूलों में अब ऑफलाइन नहीं, बल्कि ऑनलाइन हाजिरी दर्ज करनी होगी। मनमानी पर अंकुश लगाने और नियमित उपस्थिति बढ़ाने के लिए माध्यमिक शिक्षा परिषद ने ऑनलाइन उपस्थिति दर्ज करने की व्यवस्था लागू की है। सभी राजकीय, अशासकीय सहायता प्राप्त, स्ववित्तपोषित विद्यालयाें को इसका पालन करने के निर्देश दिए गए हैं।
इसके तहत उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षा परिषद की वेबसाइट पर उपलब्ध लिंक या मोबाइल एप के माध्यम से लॉग इन कर प्रधानाचार्य को पहली कक्षा में ही सबकी उपस्थिति दर्ज करानी होगी। जिले में व्यवस्था को लागू करने के लिए डीआईओएस की ओर से सभी स्कूलों को ऑनलाइन हाजिरी की व्यवस्था को शुरू करने के निर्देश दिए हैं।
मोबाइल एप या वेबसाइट पर हाजिरी की व्यवस्था
ऑनलाइन हाजिरी के लिए मोबाइल में प्ले स्टोर पर जाकर UPMSP-Attendence एप डाउनलोड कर सकते हैं, अथवा upmsp.edu.in के होमपेज पर जाकर वर्तमान लॉगइन आईडी व पासवर्ड से उपस्थिति दर्ज करनी होगी। छात्र-छात्राओं अथवा शिक्षकों के अवकाश पर होने का कारण भी दर्ज करना होगा। ऑनलाइन उपस्थिति विद्यालय परिसर में रहकर ही दर्ज कराई जा सकेगी।
- माध्यमिक विद्यालयों में ऑनलाइन उपस्थिति दर्ज कराए जाने के निर्देश सभी विद्यालयों को दे दिए गए हैं। कई स्कूलों में इस व्यवस्था को शुरू भी कर दिया गया है। कहीं-कहीं नेटवर्क की वजह से दिक्कतें आ रही हैं। जल्द ही सभी विद्यालयों में इस व्यवस्था को लागू कराया जाएगा। - डॉ. प्रवेश कुमार, डीआईओएस