हाईवे पर खराब खड़े ट्रक में आर्मी का वाहन लदा कैंटर टकरा गया। हादसे में कैंटर का चालक घायल हो गया। पुलिस कर्मियों ने घायल चालक को निजी अस्पताल में भर्ती कराया। हादसे के दौरान जाम भी लग गया। पुलिस ने जाम खुलवाकर यातायात व्यवस्था सुचारू कराई।
बुधवार रात करीब 12 बजे मुरादाबाद से दिल्ली जाने वाले वाहनों की लेन पर शहवाजपुर डोर के पास एक ट्रक खराब हो गया। जिसे बृहस्पतिवार सुबह 7 बजे तक नहीं हटवाया गया। बृहस्पतिवार सुबह आर्मी का वाहन लदा कैंटर मेरठ कैंट जा रहा था। कोहरे के कारण चालक को खराब ट्रक दिखाई नहीं दिया। इससे कैंटर खड़े ट्रक में टकरा गया। हादसे में कैंटर चालक अमरदीप घायल हो गया। इस दौरान हाईवे पर जाम लग गया। पुलिस ने घायल चालक को निजी अस्पताल में भर्ती कराया।
सीओ श्वेताभ भास्कर का कहना है कि चालक मामूली रूप से घायल हुआ था। इस बावत कोई तहरीर नहीं मिली है। उधर हाईवे चौड़ीकरण कंपनी के जीएम ललित मोहन तिवारी का कहना है कि हाईवे पर खराब ट्रक किस कारण नहीं हटवाया गया, वह जानकारी कराएंगे।
अज्ञात वाहन की टक्कर से सांड़ की मौत
गजरौला। हाईवे पर में अज्ञात वाहन की टक्कर से सांड़ की मौत हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने सांड़ के गड्ढा खोदकर दबवा दिया। घटना औद्योगिक चौकी क्षेत्र में एक होटल के सामने हुई। राहगीरों ने बताया कि हाईवे पर गुजर रहे तेज रफ्तार ट्रक के चालक ने तेजी एवं लापरवाही से चलाते हुए सांड़ में टक्कर मार दी। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक वह काफी देर तक तड़पता रहा। करीब एक घंटे बाद पुलिसकर्मी मौके पर गए। तब उसकी मौत हो चुकी थीं। पुलिस ने जेसीबी से हाईवे के किनारे गड्ढा खुदवाकर सांड़ को दबवा दिया। सीओ श्वेताभ भास्कर का कहना है कि हाईवे पर अज्ञात वाहन की टक्कर से सांड़ की मौत का मामला सामने आया है।