नए साल को लेकर बुक कराए गए होटलों के आर्डर कैंसिल हो गए हैं। होटल मालिकों का कहना है कि कोरोना की आशंका के चलते रात्रि में लागू किए गए लॉकडाउन के चलते उनको नए साल पर होने वाले कार्यक्रम आयोजित नहीं करने के कारण खासा नुकसान होगा, लेकिन शासन के आदेश का पालन करना भरी जरूरी है।
नए साल पर गजरौला के होटलों में जमकर धमाल मचता था। दूर-दूर से लोग यहां के होटल में पार्टी करते थे, लेकिन इस बार कोरोना की तीसरी लहर की आशंका के चलते लागू किए गए रात्रि लॉक डाउन ने कार्यक्रमों पर ब्रेक लगा दिए। कुछ होटल मालिकों ने आर्डर कैंसिल कर दिए तो कुछ ने ऑर्डर लेने से ही इनकार कर दिया। उनका कहना है कि कोरोना की तीसरी लहर की आशंका के चलते वह अपने यहां कोई भी कार्यक्रम बुक नहीं कर रहे हैं। पैराडाइज होटल स्वामी कुंवरपाल सिंह कहते हैं कि उनको कई कार्यक्रम मिल रहे थे, लेकिन कोरोना की तीसरी लहर व शासन की गाइड लाइन का पालन करने के लिए उन्होंने कोई कार्यक्रम बुक नहीं किया है। हाईवे कैफे स्वामी हरजीत सिंह का कहना है कि उनके यहां कई दिन पहले ही चार ऑर्डर बुक हो गए थे। कोरोना की तीसरी लहर की आशंका के चलते और शासन की गाइड लाइन के पालन को उन्होंने चारों आर्डर कैंसिल कर दिए हैं। थाना प्रभारी विनय कुमार का कहना है कि कोरोना की गाइड लाइन का कड़ाई से पालन कराया जाएगा। किसी को भी गाइड लाइन का उल्लंघन नहीं करने दिया जाएगा।