सूबे के एक कैबिनेट मंत्री का भतीजा एथेनॉल की कालाबाजारी कर रहा है। नेपाल से दिल्ली ले जाए जा रहे सरकारी एथेनॉल से भरे दो टैंकर पकड़ने के बाद पुलिस ने इसका भंडाफोड़ किया है। पचास हजार लीटर सरकारी एथेनॉल से भरे टैंकर के साथ चालकों समेत तीन लोगों को गिरफ्तार करने में भी कामयाबी पाई है। पुलिस आरोपियों का चालान कर रही है, लेकिन इसमें मंत्री के भतीजे के शामिल होने की सच्चाई छिपा ली।
बता दें कि सीओ मोहनलाल ने थाना पुलिस के साथ बुधवार की देर रात नेशनल हाइवे पर यकबगड़ी और झकड़ी गांव के बीच सड़क किनारे खड़े दो टैंकरों को पकड़ा था। टैंकरों में 25-25 हजार लीटर एथनॉल लोड था। टैंकर से एथेनॉल गायब करने की तैयारी की जा रही थी। पुलिस ने दोनों टैंकरों को कब्जे में कर चालकों समेत तीन लोगों को थाने ले आई।
थानाध्यक्ष उपेंद्र यादव ने बताया कि टैंकर चालक जुल्फान पुत्र इलियास निवासी तित्तरवाड़ा शामली जनपद मुजफ्फरनगर, चालक रणजोक पुत्र सीमोराम निवासी अशोक विहार थाना ट्रांसपोर्ट नगर जालंधर समेत इरशाद पुत्र अमीर हसन निवासी खुशहालपुर टांडा जिला रामपुर के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। नामजदों का चालान किया जा रहा है।
ये लोग गोला लखीमपुर बजाज मिल से एथेनॉल लेकर इंडियन कारपोरेशन दिल्ली ले जा रहे थे। यहां गजरौला में हाईवे पर टैंकर रोक कर एथेनॉल की चोरी की जा रही थी। बताया गया है कि जिन स्थानों पर टैंकर पकड़े गए हैं उन्हीं स्थानों पर पहले भी टैंकरों से पेट्रोलियम पदार्थ चोरी होने के मामले कुछ माह पहले सामने आए थे।