अमरोहा। 22 जनवरी से कुंभ मेला के लिए अमरोहा डिपो की 48 रोडवेज बसों का प्रयागराज भेजा जाएगा। यात्रियों के स्वास्थ्य सुरक्षा के लिए परिचालकों के पास फस्ट एड किट मौजूद रहेगा। यह किट रोडवेज के क्षेत्रीय कार्यालय से मिली हैं।
इतनी बड़ी संख्या में बसों की मांग आने से अधिकारी असमंजस में हैं। ऐसे में कई प्रमुख मार्गों से बसों को हटाया जाएगा। इसके बाद यात्रियों को कुछ बसों का ही सहारा रह जाएगा। प्रयागराज के अलावा अन्य मार्गाें के यात्रियों को परेशानी उठानी पड़ेगी। वहीं, कोहरे के कारण कई ट्रेनों के निरस्त होने से लोगों को सफर में दिक्कतें होनी तय है।
अमरोहा डिपो की बसें कुंभ मेले में जाने से यात्रियों को यातायात संसाधनों के अभाव में परेशानी झेलनी पड़ेगी। रोडवेज में सफर करने वाले यात्री डग्गामार वाहनों के सहारे हो जाएंगे। डिपो में 67 निगम और 18 बसें अनुबंधित हैं, जिसमें से करीब 65 बसों को ही संचालन हो पाता है। चालक और परिचालकों की कमी के कारण शेष बसें खड़ी रहती हैं। यह परेशानी डिपो में करीब एक साल से चल रही है। इसको लेकर डिपो की ओर से कई बार शासन को लिखा भी जा चुका है। लेकिन, समस्या का समाधान नहीं हो पाया है। अब जनवरी में प्रयागराज में शुरू हो रहे महाकुंभ में रोडवेज के यात्रियों की परेशानी और बढ़ने वाली है।
अमरोहा डिपो की 48 बसों के कुंभ जाने के बाद दिल्ली, नोएडा के साथ अन्य लोकल मार्गों पर भी बसों की किल्लत का सामना करना पड़ेगा। एआरएम मोहम्मद शफी ने बताया कि बसों को महाकुंभ भेजने के लिए स्थानीय रोडवेज डिपो में भी तैयारी तेज हो गई है। यात्रियों को सभी रूट पर बसें मिलें इसके लिए प्रयास किए जाएंगे।