भगवान श्रीकृष्ण की जन्मस्थली तक अमरोहा के लोगों का पहुंचना अब ज्यादा आसान हो गया है। इसके लिए डिपो से ही यात्री बसों में सवार होकर मथुरा और गोवर्धन तक पहुंच सकेंगे। इसकी खातिर परिवहन निगम ने छह बस चलाई हैं जो डिपो से संभल, चंदौसी, अलीगढ़, मथुरा, गोवर्धन, फर्रूखाबाद, नोएडा, दिल्ली तक दौड़ेंगी।
पहली बस सुबह छह बजे अमरोहा से रवाना होकर साढ़े सात बजे संभल पहुंचेगी। नौ बजे वापस अमरोहा आएगी। दोपहर डेढ़ बजे हरिद्वार पहुंचने के बाद शाम को छह बजे वापस। दूसरी बस प्रात: छह बजे डिपो से चलकर साढ़े 10 बजे अलीगढ़ पहुंचेगी। भगवान कृष्ण की जन्म स्थली मथुरा पहुंचने का समय एक बजे है। सवा दो बजे गोवर्धन जाएगी। यहां से साढ़े तीन बजे वापस मथुरा पहुंचेगी।
अलीगढ़, वाया मुरादाबाद होकर वापस अमरोहा लौटेगी। तीसरी बस अपराह्न साढ़े तीन बजे रोडवेज से रवाना होगी। पांच बजे मुरादाबाद, रात आठ बजे बरेली, साढ़े नौ बजे कटरा, पौने 12 बजे फर्रूखाबाद पहुंचेगी। यहां से तड़के साढ़े पांच बजे चलकर कटरा, बरेली, वाया मुरादाबाद होकर दिन में डेढ़ बजे डिपो में आएगी। चौथी बस डिपो से मुरादाबाद, नोएडा, मुरादाबाद, रामपुर के लिए चलाई गई है। यह रात को आठ बजे रवाना होगी। रात को मुरादाबाद में रुक कर तड़के साढ़े चार बजे प्रस्थान कर पौने दस बजे नोएडा पहुंचेगी।
शाम को चार बजे मुरादाबाद में वापसी कर रामपुर यहां से वाया मुरादाबाद होकर अमरोहा डिपो पहुंचेगी। पांचवीं बस संभल, दिल्ली, चंदौसी के लिए चलाई गई है। यही बस रात को दिल्ली में ठहरने के बाद चंदौसी, संभल और मुरादाबाद से होते हुए अमरोहा डिपो में आएगी। दिल्ली के लिए शाम को छह बजे डिपो से प्रस्थान करेगी। रात्रि 12 बजे दिल्ली पहुंचने का समय है। क्षेत्रीय सहायक प्रबंधक एनके गंगवार ने बताया कि यह छह बस चल गई हैं। जो नगर व कस्बे रह गए हैं, उनको भी जल्दी ही रोडवेज बसें चलाने की तैयारी है।