अमरोहा। शादी के 24 घंटे बाद दूल्हा अचानक घर से लापता हो गया। उसका मोबाइल और पर्स घर पर है। वह बाइक लेकर घर से निकला था। परिजनों को अनहोनी की आशंका सता रही है। उन्होंने सोशल मीडिया ग्रुपों में फोटो वायरल कर युवक के मिलने पर सूचना देने की अपील की है। पुलिस को मामले में गुमशुदगी दर्ज कर ली है।
यह मामला नगर कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला शिवद्वारा का है। यहां पर रहने वाले मोबीन सलमानी दिल्ली में सैलून चलाते हैं। उनका इकलौता बेटा खुर्शीद भी दिल्ली की एक कंपनी में नौकरी करता है। बुधवार की रात 27 जनवरी को खुर्शीद की बरात देहात थानाक्षेत्र के अहरोई गांव गई थी। गुरुवार को घर पर वलीमे की दावत थी। परिवार में सभी कार्यक्रम खुशी-खुशी चल रही थी लेकिन गुरुवार की रात करीब डेढ़ बजे खुर्शीद घर से अचानक लापता हो गया। परिजनों के मुताबिक खुर्शीद अपनी पत्नी से खुद की तबीयत खराब होने की बात कहकर दवाई लाने के लिए घर से बाइक लेकर निकला था। रात को घर से निकला खुर्शीद शुक्रवार की सुबह तक घर नहीं लौटा तो परिजनों के होश उड़ गए। परिजनों ने खुर्शीद को काफी तलाश की, लेकिन कोई कामयाबी नहीं मिली। इस दौरान परिजनों ने खुर्शीद के फोटो के साथ उसके लापता होने की सूचना सोशल मीडिया ग्रुपों में वायरल की है। इंस्पेक्टर रविंद्र सिंह ने बताया कि परिजनों की तहरीर पर युवक की गुमशुदगी दर्ज कर ली गई है। उसकी बरामदगी के लिए टीम लगाई गई हैं।