गजरौला (अमरोहा)। भाजपा नेता एवं किसान सहकारी चीनी मिल हसनपुर के संचालक के नलकूप का ट्रांसफार्मर फुंक जाने के कगार पर पहुंच गया। लिखकर देने के बाद भी बिजली विभाग ने उसमें तेल नहीं डलवाया। सत्तारूढ़ पार्टी के नेता से लाइनमैन दो हजार रुपये की मांग कर रहा है।
मोहल्ला शांति नगर निवासी तेजपाल सिंह सहकारी चीनी मिल हसनपुर के संचालक हैं। गांव बल्दाना असगर अली में खेती की भूमि में नलकूप लगा है। नलकूप को धनौरी माफी बिजलीघर से आपूर्ति की जाती है। 29 अगस्त को उन्होंने एसडीओ को पत्र लिखकर कहा कि उनके ट्रांसफार्मर में तेल काफी कम हो गया है। एसडीओ ने लाइनमैन गांव में भेजा। उसने ट्रांसफार्मर का निरीक्षण कर बताया कि इसमें 10-12 लीटर तेल कम है। नहीं डाला गया तो फुंक जाएगा। भाजपा नेता ने लाइनमैन से तेल डालने को कहा। वह एक दो दिन में तेल डालने की बात कहकर चला आया। इसके बाद उन्होंने एसडीओ, जेई से कई बार कहा, लेकिन किसी ने भी उनकी बात को गंभीरता से नहीं लिया। सत्तारूढ़ पार्टी के नेता के ट्रांसफार्मर में डेढ़ महीने बाद भी तेल नहीं डलवाया। उनका आरोप है कि लाइनमैन कहता है कि दो हजार रुपये दे दो। एक दिन में ही लाकर डाल देगा। उनका कहना है कि अन्य लोगों का किस तरह काम करते होंगे, इसका अनुमान लगाया जा सकता है। यह रवैया तब है, जब जिले में रिश्वत मांगने पर सीजीएसटी के कार्यालय अधीक्षक निशान सिंह मल्लीवाल, हसनपुर का लेखपाल समेत विभिन्न विभागों के कई कर्मचारी गिरफ्तार भी हो चुके हैं।
कोट:
भाजपा नेता के ट्रांसफार्मर में तेल डलवाने के लिए रुपये मांगने की जानकारी मिली है। जांच कर कार्रवाई की जाएगी।-राजेश कुमार, मुख्य अभियंता बिजली विभाग जोन गजरौला