कोतवाली क्षेत्र गंगा की रेती पर भूमि पर कब्जे को लेकर दो पक्षों में खूनी संघर्ष हो गया। जमकर लाठी डंडे चले। जिसमें तीन सगे भाई घायल हो गए। घायलों का सीएचसी में प्राथमिक उपचार कराया। यहां से एक को हायर सेंटर रेफर किया गया है। कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
मामला कोतवाली क्षेत्र के गांव पिपलौती कला है। यहां गंगा की रेती पर भूमि पर कब्जे को लेकर अक्सर विवाद होते रहते हैं। पूर्व में कई बार फायरिंग भी हो चुकी है। बृहस्पतिवार सुबह भूमि पर कब्जे को लेकर दो पक्ष आमने सामने आ गए। कहासुनी के बाद विवाद हो गया। जमकर लाठी डंडे चले। मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। किसी तरह से लोगों ने बीच में पड़कर मामला शांत कराया। खूनी संघर्ष में एक पक्ष के फारूख, शाहरुख एवं मारूफ तीनों सगे भाई घायल हो गए। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई। घायलों का सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में उपचार कराया गया। यहां से एक को गंभीर हालत में हायर सेंटर रेफर किया गया है। पुलिस घटना की जांच पड़ताल कर रही है। कोतवाली प्रभारी निरीक्षक पीके चौहान का कहना है कि मामले में जांच की जा रही है। तहरीर के आधार पर रिपोर्ट दर्ज की जाएगी। जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार किया जाएगा।