अमरोहा। सपा नेता सहित तीन लोगों पर 20 लाख रुपये की धोखाधड़ी करने का आरोप है। किसान को मेनाठेर में किसी और की जमीन को अपनी बताकर ठगी की।रुपये वापस मांगने पर मारपीट और धमकी दी। पीड़ित ने कोतवाली में तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है।
अमरोहा देहात थानाक्षेत्र के अहरोई निवासी बृतपाल सिंह उर्फ बड्डन ने डिडौली कोतवाली में तहरीर देकर आरोप लगाया कि डिडौली क्षेत्र निवासी सपा नेता ने अपने बेटे और मुरादाबाद निवासी साथी के साथ मिलकर मैनाठेर में जमीन बेचने की बात कही थी। जमीन को सस्ते दामों में बेचने का हवाला देकर विश्वास में ले लिया। मौके पर जमीन भी दिखाई। जमीन का सौदा 70 लाख रुपये में तय हुआ था। उसके बाद 20 लाख रुपये बतौर बयाना दे दिए गए थे। शेष धनराशि बैनामा के समय देना तय हुआ था। लेकिन तीन महीने बीतने के बाद भी आरोपियों ने बैनामा नहीं किया। बाद में पता चला कि आरोपियों ने जो जमीन बेचने के लिए दिखाई थी, उसका मालिक कोई और है। धोखाधड़ी होने पर पीड़ित ने आरोपियों से अपने रुपये मांगे तो वह मारपीट पर उतारू हो गए। 28 दिसंबर की दोपहर पीड़ित किसान सपा नेता के घर जा रहा था। तभी सपा नेता ने अपने बेटे और साथी के साथ मिलकर मारपीट और जान से मारने की धमकी दी है। पीड़ित ने डिडौली कोतवाली में तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है। इंस्पेक्टर अजय कुमार ने बताया कि तहरीर के आधार पर मामले की जांच की जा रही है। इसके बाद रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी। सपा के जिला निर्मोज यादव ने आरोपी के पार्टी के पदाधिकारी होने की पुष्टि की है।