बदहाल बिजली व्यवस्था के विरोध में भाकियू के कार्यकर्ताओं ने कैलसा बिजली घर का घेराव किया। धरना देकर बिजली अधिकारियों के खिलाफ नारेबाजी की। मौके पर पहुंचे बिजली अधिकारियों को भी खरी-खोटी सुनाई। एसडीओ को ज्ञापन सौंपा। समस्याओं का समाधान न होने पर नौ मई को कैलसा मार्ग जाम करने की चेतावनी दी।
बुधवार को भाकियू असली के जिला प्रवक्ता नरेश कुमार के नेतृत्व में कार्यकर्ता कैलसा बिजली घर पर एकत्रित हुए। यहां प्रदर्शन करते हुए धरने पर बैठ गए। उन्होंने कहा कि कृषि के लिए बिजली शेड्यूल के हिसाब से दी जाए। विद्युत उपकेंद्र कैलसा की क्षमता बढ़ाई जाए। क्षेत्र में जर्जर तारों को बदला जाए। विद्युत केंद्र कैलसा पर विद्युत सामान दिया जाए। कृषि क्षेत्र के लिए 10 घंटे बिजली दी जाए। वारसपुर फीडर पर तैनात लाइनमैन हरपाल सिंह को हटाया जाए। कैलसा बिजली घर पर अतिरिक्त लाइनमैन की तैनाती की जाए समेत अन्य मांगों का ज्ञापन एसडीओ सुरेंद्र यादव को सौंपा। चेतावनी देते हुए कहा कि अगर शीघ्र ही उनकी मांगें पूरी नहीं की गईं तो वह 9 मई को अमरोहा-कैलसा मार्ग जाम करेंगे। इस दौरान वेदप्रकाश, शरद यादव, यशपाल सिंह आदि मौजूद रहे।