रजबपुर(अमरोहा)। भाकियू चौधरी करतार सिंह गुट की बृहस्पतिवार को अतरासी पुल के नीचे किसान महापंचायत हुई। इसमें प्रशासनिक अधिकारियों ने पहुंचकर किसानों की समस्याएं सुनीं और जल्द समाधान का आश्वासन दिया। महापंचायत में किसान नेताओं ने चेतावनी दी कि समय रहते समस्याओं का समाधान नहीं हुआ तो बड़े आंदोलन का रास्ता अपनाया जाएगा।
महापंचायत को संबोधित करते हुए राष्ट्रीय अध्यक्ष चौधरी महावीर सिंह ने कहा कि सरकार किसानों की समस्याओं का समय रहते समाधान कराए, अन्यथा 2027 के विधानसभा चुनाव में इसका खामियाजा भुगतना पड़ेगा। उन्होंने महाकॉरिडोर परियोजना को तत्काल निरस्त करने की मांग की। साथ ही गंगा एक्सप्रेसवे में जिन किसानों की जमीन जा रही है, उन्हें बाजार भाव का चार गुना मुआवजा देने की मांग उठाई।
उन्होंने कहा कि गन्ना सत्र 2026-27 शुरू होने से पहले 20 अक्तूबर तक गन्ने का भाव 600 रुपये प्रति क्विंटल घोषित किया जाए। ऐसा नहीं होने पर 25 अक्तूबर को गन्ने की होली जलाने की चेतावनी दी। जिला अध्यक्ष चौधरी जय सुखलाल सिंह ने दूध का रेट बढ़ाने की मांग की। उन्होंने कहा कि अन्य प्रदेशों में दूध के दाम में 30 से 40 रुपये प्रति लीटर तक वृद्धि हुई है। प्रदेश उपाध्यक्ष चौधरी यशवीर सिंह ने पिछले वर्षों में गन्ना केंद्र से गन्ना ढुलाई के लिए बढ़ाए गए परिवहन शुल्क पर पुनर्विचार कर निर्णय वापस लेने की मांग की।
महापंचायत की अध्यक्षता पतराम सिंह और संचालन युवा प्रदेश अध्यक्ष जगदीश सिंह ने किया। महापंचायत में जिला गन्ना अधिकारी, एमडीए उपाध्यक्ष, बिजली विभाग के एसडीओ, तहसीलदार और जिला सहकारी बैंक के महाप्रबंधक समेत कई अधिकारी मौजूद रहे। सुरक्षा के भी कड़े इंतजाम किए गए थे। नेताओं ने कहा कि मांगें पूरी नहीं हुईं तो किसान बड़े आंदोलन के लिए मजबूर होंगे। इस दौरान राजवीर सिंह, मदनपाल सिंह, नरेश सिंह, चेतन सिंह, सत्येंद्र सिंह मौजूद रहे।