कोतवाली क्षेत्र के गांव दियावली के नजदीक लिंक मार्ग पर साइड मांगना बाइक सवार युवकों को भारी पड़ गया। बाइक सवार युवकों के साथ मारपीट की गई। शोर मचाने पर आसपास के लोग पहुंचे तो आरोपी फरार हो गए। इस मामले में चार लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई है।
क्षेत्र के गांव वाटीपुरा निवासी प्रेमशंकर खड़गवंशी और कोसिंद्र खड़गवंशी रविवार शाम को पास के गांव स्थित सतेड़ा में अपनी रिश्तेदारी में आए थे। यहां से रात करीब नौ बजे बाइक से लौट रहे थे। दियावली के नजदीक रास्ते पर कुछ लोग ट्रैक्टर लेकर खड़े थे। साइड देने के लिए कहा तो कहासुनी के बाद मारपीट शुरू हो गई। दोनों युवकों को बुरी तरह से मारपीट कर घायल कर दिया गया। शोर मचाने पर लोग पहुंचे तो आरोपी फरार हो गए। आरोपियों पर जेब में रखे रुपये भी निकालने का आरोप है। देर रात घायल दोनों युवक ग्रामीणों के साथ कोतवाली पहुुंचे। पुलिस को तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की। पुलिस ने घायलों का सीएचसी में उपचार कराया। कोतवाली प्रभारी निरीक्षक पीके चौहान ने बताया कि तहरीर के आधार पर बच्चन, विकल, गौरव एवं एक अज्ञात के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर मामले की छानबीन प्रारंभ कर दी गई है।