अमरोहा। वाहन चेकिंग के दौरान नौगांवा सादात पुलिस ने मुठभेड़ के दौरान एक लुटेरे को गिरफ्तार किया। उसका साथी अंधेरे का फायदा उठाकर भाग निकला। आरोपी के कब्जे से चोरी की बाइक और अवैध शस्त्र बरामद हुए हैं। पुलिस ने बदमाश के खिलाफ हत्या की कोशिश की एफआईआर दर्ज कर न्यायालय में पेश किया जहां से उसके जेल भेज दिया गया है। फरार अपराधी की धरपकड़ को दबिश की जा रही है।
इंस्पेक्टर राजेश कुमार ने मुठभेड़ का खुलासा किया। उन्होंने बताया कि बढ़ते अपराध की रोकथाम के लिए एसपी सुनीति के निर्देश पर अपराधियों के खिलाफ अभियान चलाकर कार्रवाई की जा रही है। गुरुवार की रात एएसपी अजय प्रताप सिंह के निर्देशन पर मूंढाखेड़ा चौकी इंचार्ज के नेतृत्व में पुलिस मूढ़ाखेड़ा तिराहे पर वाहन चेकिंग कर रही थी। तभी पुलिस कर्मियों ने एक बाइक पर सवार दो युवकों को टार्च की रोशनी से रुकने का इशारा किया। तभी बाइक सवार बदमाशों ने गिरफ्तारी से बचने के लिए पुलिस पर फायरिंग शुरू कर दी। अचानक हुई फायरिंग से पुलिस कर्मियों में हड़कंप मचा गया। इस दौरान पुलिस ने घेराबंदी कर एक बदमाश जितेंद्र कुमार निवासी मूढ़ाखेड़ा को गिरफ्तार किया जबकि उसका साथी गौरव निवासी लखौरी थाना नखासा संभल भाग निकला। उसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस ने काफी देर तक जंगल में कांबिंग की लेकिन, कोई सफलता नहीं मिली। गिरफ्तार बदमाश जितेंद्र के कब्जे से अवैध तमंचा और चोरी की बाइक बरामद हुई। बाद में पुलिस ने जितेंद्र के खिलाफ हत्या की कोशिश और शस्त्र अधिनियम के तहत एफआईआर दर्ज कर जेल भेज दिया है। इंस्पेक्टर के मुताबिक क्षेत्र में बाइक लुटने वाले चार आरोपियों को चांदपुर पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया था। बदमाश जितेंद्र के कब्जे से मिली बाइक कहां से लूटी या चोरी की गई है, इसकी जांच की जा रही है।