अमरोहा। गन्ना क्रय केंद्रों पर घटतौली व अन्य मांगों को लेकर भाकियू भानु के पदाधिकारियों ने कलक्ट्रेट परिसर में धरना देकर नारेबाजी की। जिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपा। जल्द ही समस्याओं का समाधान नहीं होने पर उग्र आंदोलन की चेतावनी दी है।
शुक्रवार को भाकियू भानु के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष चौधरी दिवाकर सिंह के नेतृत्व में तमाम किसान कलक्ट्रेट पहुंचे। यहां मांगों को लेकर प्रदर्शन करते हुए धरने पर बैठ गए। वक्ताओं ने कहा कि जनपद के 340 क्रय केंद्र पर तीन से चार प्रतिशत की गन्ना घटतौली की जाती है। जिससे प्रतिदिन चीनी मिलें किसानों को लगभग 25 लाख का नुकसान पहुंचाती हैं। गन्ना किसानों को घटतौली के नाम पर रोजाना लूटा जा रहा है। इस लूट को बंद किया जाए। गन्ना आयुक्त ने नूरपुर कला सी देहरा बी और चकवारसपुर क्रय केंद्रों को बिना किसी प्रस्ताव ही असमोली चीनी मिल से हटाकर दूसरी चीनी मिलों को दे दिया गया, जिससे गन्ना किसान बहुत परेशान हैं। इसके विरोध में उन्होंने अपना गन्ना जला भी दिया। जनपद मुरादाबाद की चीनी मिलों में घटतौली अधिकतम की जाती है। इसके साथ ही धनौरी अहीर क्रय केंद्र के दो भाग करके एक केंद्र नगलिया अब्दुल्ला में लगाया जाए। तीनों क्रय केंद्रों को तत्काल वापस डीएसएम शुगर मिल असमोली से जोड़ा जाए। किसानों को किसान सम्मान निधि की सभी किस्तें मिलनी चाहिए।
जिला अध्यक्ष सतपाल अधाना ने कहा कि जनपद के गजरौला नगर में एक फैक्टरी द्वारा जल, थल, वायु प्रदूषण किया जा रहा है। फैक्टरी जनमानस को कैंसर, लीवर, जायंडिस, खाज-खुजली के रूप में मौत बांट रही है। इसको लेकर भाकियू भानु आंदोलन करेंगी। एक माह तक अपने-अपने क्षेत्र में जन जागरण करेंगे और एक माह के बाद फैक्टरी के गेट पर भूख हड़ताल करते हुए पर्यावरण प्रदूषण को बंद कराएंगे। प्रदर्शन उपरांत अपनी मांग का ज्ञापन जिलाधिकारी बाल कृष्ण त्रिपाठी को सौंपा।
इस दौरान धीरज सिंह, राजपाल सिंह, सुनील कुमार, जितेंद्र सिंह, सोमपाल सिंह, दौलतराम, पिंटू प्रधान, पूनम चौधरी, बबली रानी, शाहजहां, सुधा, रेखा, जरीफन, शकीला आदि मौजूद रहे।