बूृढ़े बाबू के तालाब के सौंदर्यीकरण का काम शुरू कर दिया गया। इसमें करीब 4.42 करोड़ रुपये की लागत आएगी। पंपसेट से पानी निकाला जा रहा है। साथ ही तालाब में जमी गाद को जेसीबी निकालकर किनारे पर इकट्ठा किया जा रहा है।
नगर के मोहल्ला मायापुरी में रेलवे लाइन के पास बूढ़े बाबू का तालाब है, जिसका 2023 में अमृत सरोवर के रूप में विकसित करने के लिए चयन हुआ था। जनवरी 2024 में कंस्ट्रक्शन व डिजाइन सर्विसेज यूपी जल निगम को तालाब के सौंदर्यीकरण के लिए कार्यदायी संस्था बनाया गया। इसके लिए 4.42 करोड़ रुपये का बजट भी निर्धारित कर दिया गया।
इसमें से 45 लाख रुपये पालिका भी वहन करेगी। तालाब के चारों ओर घूमने के लिए पक्का ट्रैक बनेगा। पानी की सफाई कर उसे नौका विहार के योग्य बनाया जाएगा। तालाब के चारों ओर जाली लगाई जाएगी। बैठने के लिए बेंच लगाई जाएगी। करीब पांच एकड़ में फैले इस तालाब का सौंदर्यीकरण 14 मार्च तक पूरा करना था, लेकिन डीएम ने कुछ खामी बताते हुए दोबारा प्रस्ताव तैयार कराने को कहा। बीते माह कार्यदायी संस्था ने दोबारा प्रस्ताव बनाकर डीएम को भेजा। जिसे मंजूरी से पहले ही बुधवार को कार्यदायी संस्था के ठेकेदार ने काम शुरू कर दिया।
- तालाब के सौंदर्यीकरण का काम शुरू कर दिए जाने की उनको जानकारी नहीं है। जबकि संस्था द्वारा काम कराने से पहले सूचना देनी चाहिए थी। - राजेंद्री उर्फ उमा देवी पालिकाध्यक्ष गजरौला
-तालाब के सौंदर्यीकरण का काम शुरू नहीं कराया गया। बल्कि मिट्टी निकालकर किनारे पर लगाई जा रही है। जिससे मंजूरी मिलने तक किनारे लगी मिट्टी सूख जाने के कारण किनारे पक्के हो जाएं। काम करने में दिक्कत न आए। - संदीप कुमार उपाध्याय, जेई कार्यदायी संस्था