संभल। कायनात इंटरनेशनल स्कूल में अंतर स्कूल आर्म रेसलिंग चैंपियनशिप 2026 का आयोजन किया गया। इस प्रतियोगिता में 20 से 25 स्कूलों के छात्र-छात्राओं ने हिस्सा लिया। बाल विद्या स्कूल ने प्रथम स्थान प्राप्त किया, जबकि मेजबान कायनात इंटरनेशनल स्कूल दूसरे स्थान पर रहा।
मिशन एकेडमी ने तीसरा स्थान हासिल किया। प्रतियोगिता में छात्रों ने अपनी ताकत, अनुशासन और खेल भावना का प्रदर्शन किया। श्री शेरवित्कारी इंटर कॉलेज बुलंदशहर, समर्थ भारती स्कूल, एंजिल्स स्कूल, एसएनएम स्कूल, कदीर इंटर कॉलेज, शंकर कॉलेज और हिंदी इंटर कॉलेज के बच्चों ने भी पदक जीते।
कई अन्य विद्यालयों के छात्रों ने भी अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया। सभी विजेता खिलाड़ियों को मेडल और सर्टिफिकेट देकर सम्मानित किया गया। मुकाबले राइट हैंड और लेफ्ट हैंड दोनों में आयोजित किए गए। बालकों के मुकाबले सुबह नौ बजे से दोपहर बारह बजे तक हुए। बालिकाओं के मुकाबले दोपहर बारह बजे से दो बजे तक आयोजित किए गए।
चैंपियनशिप में तीन मुख्य श्रेणियां निर्धारित की गई थीं। प्री सब जूनियर वर्ग में कक्षा छह से आठवीं तक के बच्चों के लिए 35 किलोग्राम से 70 किलोग्राम तक के वजन वर्ग थे। जूनियर वर्ग में कक्षा नौ से दसवीं तक के लिए 40 किलोग्राम से 70 किलोग्राम तक के वजन वर्ग रखे गए। कक्षा ग्यारह से बारहवीं तक के लिए 45 किलोग्राम से 80 किलोग्राम तक के वजन वर्ग निर्धारित किए गए थे।