चंदौसी। पंडित हनुमान प्रसाद द्वारा सामाजिक और धार्मिक कार्यों के लिए दान की गई संपत्ति पर कुछ लोगों द्वारा कब्जा करने का प्रयास किया जा रहा है।
इस मामले को लेकर उनके परिजनों और ट्रस्ट के मंत्री राजकुमार शर्मा राजू ने सर्वसमाज की बैठक आयोजित की। बैठक में ट्रस्ट की संपत्तियों के संरक्षण के लिए एकजुट होकर संघर्ष करने का निर्णय लिया गया।
बैठक का आयोजन पंडित हनुमान प्रसाद के परिजन और श्री रघुनाथ ब्रह्मचर्य आश्रम ट्रस्ट के मंत्री राजकुमार शर्मा राजू ने किया। उन्होंने समाज के लोगों से ट्रस्ट की संपत्तियों को संरक्षित करने में सहयोग की अपील की। उपस्थित लोगों ने उन्हें पूर्ण समर्थन देने का आश्वासन दिया।
राजीव लोचन शर्मा ने कहा कि पंडित हनुमान प्रसाद ने अपनी संपत्ति समाजहित में दान की थी, लेकिन कुछ लोग उस पर कब्जा करने का प्रयास कर रहे हैं। उन्होंने जोर दिया कि इसे बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। राजेंद्र कुमार शर्मा राजा ने भी कहा कि सर्वसमाज संपत्ति पर कब्जे के प्रयास का विरोध करेगा।
केजी शर्मा ने आरोप लगाया कि ट्रस्ट को खारिज कर उसकी आड़ में कुछ लोगों ने समिति बना ली है। उन्होंने कहा कि इस मामले में विरोध दर्ज कराने के साथ न्यायालय की शरण भी ली जाएगी। बैठक में ट्रस्ट के सदस्य विष्णु स्वरूप शर्मा और शैलेष शर्मा के अलावा रामाशंकर गौड़, रामबल्लभ रावत, कुश कुमार रावत सहित कई अन्य लोग उपस्थित रहे।