नगरपालिका की ओर से संचालित कान्हा गोशाला में गोवंशीय पशुओं की अनदेखी करने का मामला सामने आया है। ठंड से बचाव के इंतजाम न होने और देखरेख के अभाव में तीन गाय और एक बछड़े की मौत हो गई। इसकी जानकारी होने पर बजरंग दल और विश्व हिंदू परिषद के कार्यकर्ता मौके पर पहुंचे और हंगामा करने लगे।
वहीं, गोशाला के सामने ही एक खाली भूमि में खोदाई के बाद चार और गोवंशीय पशुओं के अवशेष मिलने पर कार्यकर्ताओं आक्रोशित हो गए। वह गोशाला के बाहर धरने पर बैठ गए। नारेबाजी कर जिम्मेदारों पर कार्रवाई की मांग की। इसके बाद तहसील कार्यालय के बाहर जाम लगा दिया। जिससे दोनों और वाहनों की कतार लग गई। देर शाम तक कार्यकर्ता जाम लगाए बैठे थे।
नगर पालिका की ओर से बछरायूं से बाहर गोशाला का संचालन किया जाता है। गोशाला में करीब 67 पशु आश्रय पा रहे हैं। गोशाला केयर टेकर दीपक कुमार ने बुधवार सुबह आठ बजे पशु चिकित्सक शिवानी को एक गाय और एक बछड़े के मरने की सूचना दी। जिस पर पशु चिकित्सक मौके पर पहुंच गईं। उधर, किसी ने बजरंग दल के कार्यकर्ताओं को भी गोशाला में गोवंशीय पशुओं के मरने की सूचना दे दी। इस पर बजरंग दल के प्रांत प्रमुख हेमंत सारस्वत और विहिप के जिलाध्यक्ष अशोक सैनी कार्यकर्ताओं के साथ गोशाला पहुंचे और लापरवाही का आरोप लगाया।
इस दौरान दो गायों की और मौत हो गई। गोशाला में चार गोवंशीय पशुओं की मौत होने पर कार्यकर्ता ने हंगामा करने लगे। हंगामे की सूचना पर एसडीएम चंद्रकांता और सीओ श्वेताभ भास्कर भी मौके पर पहुंचे। किसी तरह उन्होंने मामले को शांत किया। लेकिन, दोपहर बाद कार्यकर्ताओं ने मंडी धनौरा में तहसील कार्यालय के बाहर गजरौला-चांदपुर मार्ग पर जाम लगा दिया और जमकर नारेबाजी की। हेमंत सारस्वत ने आरोप लगाया कि गोशाला में आश्रय पा रहे गोवंशीय पशुओं की सुरक्षा सरकार की पहली प्राथमिकता है। इसके बावजूद पालिका प्रशासन गायों की मौत को छुपा रहा था। पालिका प्रशासन की लापरवाही से गायों की मौत हुई है। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रशासनिक अधिकारी कार्रवाई नहीं करना चाह रहे हैं। इस मौके पर अशोक सैनी, कुशल चौधरी, विपिन शर्मा, अखिलेश भाटी, योगेश त्यागी आदि मौजूद थे। देर रात तक बजरंग दल कार्यकर्ता जाम लगाए बैठे थे।
आरोप- तीन दिन में गोशाला में नौ पशुओं की हुई मौत
कार्यकर्ताओं ने आरोप लगाया कि तीन दिनों में गोशाला में नौ गोवंशीय पशुओं की मौत हुई है। वहीं, इस दौरान गोशाला के सामने खाली पड़ी भूमि की जेसीबी से खोदाई कराई गई। जिसमें चार गोवंशीय पशुओं के अवशेष दबे मिले। ग्रामीणों के मुताबिक एक गाय को मंगलवार को ही दबाया गया था। इस पर बजरंग दल और विहिप कार्यकर्ता आक्रोशित हो गए। उन्होंने पालिका अधिकारियों, अध्यक्ष और अन्य जिम्मेदार लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराने की मांग की और प्रदर्शन करने लगे। कार्यकर्ता गोशाला के बाहर धरने पर बैठ गए। एसडीएम व सीओ के समझाने के बाद भी कार्यकर्ता शांत नहीं हुए। बजरंग दल के जिला सह प्रमुख अभिषेक गोला ने रिपोर्ट दर्ज कराने के लिए तहरीर दी है।
पशु चिकित्सक के निरीक्षण आख्या पर ध्यान न करने का आरोप
बछरायूं।
गोशाला का रोजाना निरीक्षण कर रहीं पशु चिकित्सक डॉ. शिवानी सिंह की आख्या पर अगर पालिका प्रशासन संज्ञान लेता तो शायद गोवंशीय पशुओं की मौत न होती। गोशाला के अंदर की स्थिति बहुत ज्यादा खराब थी। गोशाला परिसर में कीचड़ जमा थी। कई पशु कीचड़ में खड़े थे। गोशाला में टीन शेड में गंदगी व गोबर फैला था। बदबू के कारण वहां ठहरना भी संभव नहीं था। पशु चिकित्सक का कहना था कि वह रोजाना निरीक्षण आख्या में इस संबंध में लिख रही थी। लेकिन, गोवंशीय पशुओं के प्रति पूरी तरह संवेदनहीन हो चुके पालिकाकर्मी इस ओर ध्यान देने को तैयार नहीं थे। डॉ. शिवानी सिंह का कहना था कि कीचड़ व गंदगी की वजह से गोवंशीय पशु बीमार हो रहे थे।
- बछरायूं की गोशाला में हुई गायों की मौत के मामले में धनौरा एसडीएम और सीवीओ स्तर से जांच कमेटी बनाई गई है। जो गोशाला में व्याप्त समस्याओं और पशुओं की देखरेख का आकलन करेगी। जांच रिपोर्ट के बाद जिसकी कमी मिलेगी। उस पर कार्रवाई होगी।
निधि गुप्ता वत्स, डीएम
- पशु चिकित्सक द्वारा निरीक्षण में दर्ज खामियों का संज्ञान लिया गया था। पाइप लीक होने के कारण परिसर में कीचड़ हो रही थी। उसे ठीक करा दिया गया था। लेकिन पानी ओवरफ्लो होने के कारण परिसर में दोबारा से कीचड़ हो गई थी। उसको भी बुधवार को ठीक करा दिया गया है।
- दीपालिका, ईओ, नगरपालिका
चार दिसंबर को एडीएम ने गोशाला के निरीक्षण को डीडीओ को भेजा
बछरायूं। डीएम के आदेशों को भी अधीनस्थ अब हवा में उड़ाने लगे हैं। बीती चार दिसंबर को एडीएम ने समाधान दिवस के दौरान जिला विकास अधिकारी को गोशाला के निरीक्षण के लिए भेजा था। अगर डीडीओ गोशाला के भीतर जाकर गोशाला का गहनता से निरीक्षण कर लेतीं तो शायद यह नौबत नहीं आती। आठ गोवंशीय पशुओं को अपनी जान से हाथ नहीं धोना पड़ता। चार दिन पहले जिलाधिकारी ने भी गोशाला में गोवंशीय पशुओं के संरक्षण के लिए बैठक बुलाई थी। लेकिन निचले स्तर के अधिकारियों ने उनके आदेशों को हवा में उड़ा दिया। संवाद
एडीएम और एएसपी के आश्वासन पर खोला जाम
बजरंग दल कार्यकर्ताओं ने मौके पर पहुंचे एडीएम व एएसपी के कार्रवाई के आश्वासन पर रात सात बजे जाम खोल दिया। बजरंग दल के प्रांत गोरक्षा प्रमुख हेमंत सारस्वत ने तहरीर के आधार पर कार्रवाई न होने पर फिर जाम लगाने की चेतावनी दी है। बजरंग दल व विश्व हिंदू परिषद कार्यकर्ताओं ने शाम पांच बजे तहसील कार्यालय के बाहर जाम लगा दिया था। जाम की वजह से दोनों ओर वाहनों की लंबी लाइन लग गई थी।
सांथलपुर व हसनपुर की गोशाला में हो चुकी है पशुओं की मौत
हसनपुर।
जिले की गोशालाओं में गायों की मौत का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। धनौरा क्षेत्र में गोशाला में गायों की मौत का मामला प्रकाश में आने के बाद हसनपुर और सांथलपुर गोशाला में हुई गायों की मौत की घटना ताजा हो गई।
हसनपुर क्षेत्र के गांव सांथलपुर में स्थित गोशाला में अगस्त 2022 में जहरीला चारा खाने से 61 गोवंशीय पशुओं की मौत हो गई थी। मामले में लापरवाही बरतने पर ग्राम पंचायत अधिकारी, ग्राम प्रधान समेत कई लोगों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की गई थी। इसके बाद 13 जनवरी 2024 में हसनपुर की कान्हा गोशाला में करीब 16 गायों की मौत हो गई थी। मामले में भी लापरवाही बरतने पर गोशाला प्रभारी, नगर पालिका के तत्कालीन ईओ प्रदीप नारायण दीक्षित और तत्कालीन एसडीएम भगत सिंह को हटा दिया गया था। इसके बाद फिर दो दिसंबर 2024 को कान्हा गोशाला में तीन गायों की मौत का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद बजरंग दल कार्यकर्ताओं ने हंगामा किया था। इस मामले में गोशाला प्रभारी व सह प्रभारी के खिलाफ कार्रवाई की गई।