बछरायूं। अपने हिस्से की भूमि बेचने का विरोध करने पर दो भाइयों ने अपने भाई को जान से मारने की कोशिश की। शोर मचाने पर आए परिजनों को देखकर आरोपी जान से मारने की धमकी देते हुए भाग गए। पुलिस ने न्यायालय के आदेश पर पांच लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है।
ग्राम कमालपुर काजी निवासी संदीप कुमार द्वारा दर्ज कराई गई रिपोर्ट के मुताबिक उसके पिता बाबूराम की मौत के बाद उसके समेत चार भाईयों व मां के नाम बराबर भूमि हिस्से में आ गई। उसकी माता फूलवती का निधन 2020 में हो गया। मां के हिस्से की भूमि भी बराबर भाग में चारों भाइयों के हिस्से में आ गई। संदीप का आरोप है कि उसके भाईयों विनोद व जोगेंद्र ने उसके हिस्से की भूमि गलत तरीके से दूसरों को बेच दी। अपने हिस्से की भूमि दूसरों को बेचने का उसने विरोध किया। संदीप का आरोप है कि 15 अगस्त 2025 को विनोद, जोगेंद्र व तीन अन्य लोग जान से मारने की नीयत से उसके गले में गमछा बांध दिया। शोर मचाने पर उसके भांजे व पत्नी आ गए। उनको देखकर आरोपी जान से मारने की धमकी देते हुए भाग गए। थानाध्यक्ष अमित तोमर ने बताया कि संदीप की तहरीर पर विनोद, जोगेंद्र आदि के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है।