अमरोहा के हसनपुर में घर के बाहर खेल रही नौ वर्षीय बालिका को बंधक बनाकर युवक ने दुष्कर्म का प्रयास किया। मामले की सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर ली है।
घटना शनिवार दोपहर करीब एक बजे की है। कोतवाली क्षेत्र के गांव में किसान का घर गांव के बाहरी छोर पर है। उसकी नौ वर्षीय बेटी कक्षा एक में पढ़ती है। शनिवार को बालिका घर के बाहर खेल रही थी। आरोप है कि पड़ोसी गांव निवासी एक युवक वहां पहुंचा और बालिका का हाथ पकड़कर खींचता हुआ खेत में ले गया। यहां रस्सी से बालिका के हाथ बांध दिए और दुष्कर्म की कोशिश करने लगा। घटना के वक्त आरोपी नशे की हालत में था।
बालिका किसी तरह से उसके चंगुल से बचकर भाग गई और घर पहुंचकर मां को घटना के बारे में जानकारी दी। बेटी के साथ हुई घटना की जानकारी मिलने से मां के होश उड़ गए। परिजनों की सूचना मिलते ही पुलिस पहुंच गई। आरोपी को पकड़ लिया गया।
इसके बाद पीड़ित बालिका को लेकर उसकी मां कोतवाली पहुंची और पूरा मामला पुलिस को बताया। तहरीर देकर रिपोर्ट दर्ज करने की मांग की। कोतवाली प्रभारी निरीक्षक पीके चौहान ने बताया कि मामले में पकड़े गए आरोपी बबलू के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है। उससे पूछताछ की जा रही है।