ट्रैक्टर से बिजली का खंभा बांधकर ले जा रहे दो युवकों को चोर समझकर ग्रामीणों ने मारपीट की। साथ ही पुलिस का सौंप दिया। उधर, दोनों पक्षों में समझाैता होने पर पुलिस ने कोई कानूनी कार्रवाई नहीं की है। मारपीट का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।
मामला नौगांवा सादात थानाक्षेत्र के गांव नौगांवा तगा का है। गांव के रहने वाले कैलाश दिवाकर को बिजली आपूर्ति चालू कराने के लिए 15 खंभे आवंटित हुए हैं। यह खंभे काफी समय से गांव के बाहर रास्ते पर पड़े हैं। पिछले दिनों आई आंधी, तूफान के चलते बिजली खंभे लगाने का काम नहीं हो सका है।
गांव के एक किसान का ट्यूबवेल पर जा रही बिजली लाइन का एक खंभा टूटा गया था। रविवार रात दस बजे किसान का बेटा व उसका दोस्त ट्रैक्टर से कैलाश दिवाकर को आवंटित खंभे में एक खंभा ले जा रहे थे। इसी दौरान एक युवक ने गांव में आकर शोर मचा दिया।
ग्रामीणों ने दोनों युवकों को चोर समझकर मारपीट शुरू कर दी। इसी दौरान किसी ने मामले की वीडियो बना ली। मामला थाने तक पहुंच गया। कुछ ही देर में दोनों पक्षों में समझौता हो गया। प्रभारी निरीक्षक सुनील कुमार का कहना है कि रविवार रात में कुछ ग्रामीण ट्रैक्टर लेकर थाने आए थे। किसी भी पक्ष ने तहरीर नहीं दी। फिलहाल, पुलिस स्तर पर कोई कार्रवाई नहीं की गई है। सोमवार को मारपीट का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया। 46 सेकेंड के वायरल वीडियो में दो युवक अपने को छोड़ने की गुहार लगा रहे हैं। दोनों के कपड़े फटे हुए दिख रहे हैं।