टीकाकरण के दौरान आशा कार्यकत्री की पिटाई की गई। जिसमें आशा कार्यकत्री घायल हो गई। घायल का सीएचसी में उपचार कराया गया है। पुलिस ने तहरीर के आधार पर महिला समेत तीन लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है।
नगर के मोहल्ला काला शहीद निवासी उषा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में आशा संगिनी है। रोजाना की तरह शुक्रवार को भी नगर के मोहल्ला काला शहीद में कैंप लगाकर टीकाकरण कर रही थी। इस दौरान मोहल्ले की एक महिला से टीकाकरण को लेकर कहासुनी के बाद मारपीट हो गई। आशा कार्यकत्री घायल हो गई। इस दौरान जमकर हंगामा हुआ। मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। घायल को सामुदायिक केंद्र में उपचार कराया गया। पुलिस को तहरीर दी गई है। कोतवाली प्रभारी निरीक्षक पीके चौहान ने बताया कि मामले में तहरीर के आधार पर आशा कार्यकत्री से मारपीट एवं जान से मारने की धमकी देने के मामले में राजकली, सीटू और राम सिंह के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई है। जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार किया जाएगा।