हसनपुर। विकास क्षेत्र गंगेश्वरी के प्राथमिक विद्यालय गुलामपुर में विद्यालय स्तरीय खेलकूद प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। शुभारंभ प्राथमिक शिक्षक संघ के ब्लॉक अध्यक्ष व प्रधानाध्यापक रामवीर सिंह व ग्राम प्रधान राजकुमार सिंह ने फीता काटकर किया। रामवीर सिंह ने कहा कि खेलकूद बच्चों के सर्वांगीण विकास का अभिन्न अंग हैं और इनसे ग्रामीण प्रतिभाओं को बेहतरीन मंच मिलता है।
प्रतियोगिता के बालक वर्ग में अल्तमश ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 50, 100 और 200 मीटर दौड़ में पहला स्थान हासिल कर बाजी मारी। वहीं कबड्डी में कक्षा पांच के बालक अव्वल रहे और खो-खो में कक्षा चार के बालकों ने बाजी मारी।
बालिका वर्ग की 100 मीटर दौड़ में आरुषि प्रथम रहीं, जबकि 50 मीटर दौड़ में सुहानी ने बाजी मारी। बालिका कबड्डी में कक्षा चार तथा खो-खो में कक्षा पांच की छात्राएं विजेता बनीं। प्रतियोगिता को सफल बनाने में सहायक अध्यापक अजय सागर, अमित कुमार, मनीष कुमार, रेनू कंसल, संतराम सिंह और राशिद अली ने निर्णायक की सराहनीय भूमिका निभाई। संवाद