चालू वित्तीय वर्ष के लिए नगर पालिका परिषद का 17.5 करोड़ रुपये के बजट को बोर्ड द्वारा मंजूरी प्रदान की गई। बजट में साढ़े तीन करोड़ रुपये की धनराशि सड़कों की मरम्मत व निर्माण पर खर्च किए जाएंगे जबकि डेढ़ करोड़ रुपये की धनराशि नगर के सुंदरीकरण पर खर्च की जाएगी। बैठक में नगर की पथ प्रकाश व्यवस्था पर सदस्यों ने नाराजगी जाहिर की।
नगर पालिका परिषद का वार्षिक बजट बुधवार को बोर्ड की बैठक में पेश किया गया। बजट पेश करते हुए अधिशासी अधिकारी ने बताया कि पालिका का वार्षिक बजट 17 करोड़ रुपये से अधिक का है। उन्होंने बताया कि नगर की पथ प्रकाश व्यवस्था पर एक करोड़ 80 लाख रुपये की धनराशि खर्च की जाएगी। साढ़े तीन करोड़ रुपये की धनराशि सड़कों की सफाई व निर्माण पर खर्च की जाएगी। स्वच्छ भारत मिशन पर 50 लाख रुपये खर्च किए जाएंगे।
नगर के सुंदरीकरण पर डेढ़ करोड़ रुपये की धनराशि खर्च की जाएगी। पालिका को गृह कर से 35 लाख जबकि जलकल से 15 लाख रुपये के आय का अनुमान है। 15वें वित्त आयोग से दो करोड़, राज्य वित्त आयोग से छह करोड़ रुपये की धनराशि प्राप्त होगी। बैठक में नगर की पथ प्रकाश व्यवस्था पर नाराजगी व्यक्त करते हुए सदस्यों ने सुधार की मांग की। आनंद सरोवर की सफाई का मुददा भी उठाया गया। बैठक में बाइपास मार्ग पर लगे बिजली के खंभों की ऊंचाई कम करने पर सहमति व्यक्त की गई।
इस अवसर पर एन वर्मा, कलुवा सैफी, दुलीचंद गिहार, राजीव उपाध्याय, सावन भटनागर, संजय फौजी, गुरमीत कौर, नेहा दीक्षित, योगेंद्र सैनी आदि मौजूद थे।